रणबीर कपूर स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' ने बॉक्स ऑफिस पर दस्तक देते हुए पहले दिन (गुरुवार) देश भर में 64.85 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन दर्ज किया है। सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, यह 2026 की दूसरी सबसे बड़ी हिंदी ओपनिंग बन गई है। सभी भाषाओं को मिलाकर फिल्म का पहले दिन का ग्रॉस कलेक्शन 77.50 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है।
भाषावार कमाई और स्क्रीन शेयर
देशभर में कुल 25,200 शो के साथ रिलीज हुई इस पौराणिक गाथा में सबसे मजबूत प्रदर्शन हिंदी बेल्ट का रहा। हिंदी वर्जन ने 20,678 शो के जरिए अकेले 47.50 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन निकाला।
कन्नड़ भाषा में फिल्म ने 7.25 करोड़ रुपए, तेलुगु में 6 करोड़ रुपए, तमिल में 2.60 करोड़ रुपए और मलयालम वर्जन में 1.50 करोड़ रुपए बटोरे। वहीं, ओवरसीज मार्केट से 20 से 40 करोड़ रुपए के बीच कमाई की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे वर्ल्डवाइड कलेक्शन 100 करोड़ के आंकड़े को पार कर गया है।
किन फिल्मों के रिकॉर्ड टूटे और कहां पिछड़ी?
ओपनिंग डे के इन आंकड़ों के साथ 'रामायण' ने शाहरुख खान की 'पठान' और रणबीर कपूर की पिछली फिल्म 'एनिमल' के पहले दिन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। हालांकि, यह साल 2026 की सबसे बड़ी ओपनर 'धुरंधर: द रिवेंज' (₹102.55 करोड़ नेट) से पीछे रह गई। इसके साथ ही, 2023 में रिलीज हुई प्रभास की 'आदिपुरुष' (₹86.75 करोड़) का ऑल-लैंग्वेज ओपनिंग डे रिकॉर्ड भी इस फिल्म से आगे बना हुआ है।
ओपनिंग पर क्यों पड़ा असर?
ट्रेड एक्सपर्ट्स के अनुसार, गुरुवार को फिल्म की रिलीज और त्योहार से पहले ट्रैवल व तैयारियों के चलते कई परिवार पहले दिन सिनेमाघरों तक नहीं पहुंच पाए। इसके अलावा प्रीमियम टिकटों की ऊंची कीमतें, सीमित ऑन-ग्राउंड प्रमोशन और पास्ट में इसी जॉनर की फिल्मों से मिली निराशा के कारण दर्शक शुरुआत में सतर्क नजर आए।
वीएफएक्स और स्टार कास्ट को सराहा गया
थिएटर से बाहर आ रहे दर्शकों और समीक्षकों ने फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स (VFX) की जमकर तारीफ की है। पर्दे पर भगवान राम के रूप में रणबीर कपूर, माता सीता के रोल में साई पल्लवी, लक्ष्मण के रूप में रवि दुबे और रावण की भूमिका में साउथ स्टार यश के अभिनय को काफी पसंद किया जा रहा है।
भारतीय सिनेमा के इतिहास के सबसे महंगे प्रोजेक्ट्स में शुमार इस फिल्म का कुल बजट दोनों भागों को मिलाकर करीब 4,000 करोड़ रुपए बताया जा रहा है।
