ब्यावर, । जिला कलक्टर कमल राम मीना की अध्यक्षता में शनिवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में अत्यधिक वर्षा की स्थिति, कानून व्यवस्था, आपदा प्रबंधन, आगामी पंचायती राज एवं नगर निकाय चुनावों की तैयारियों तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कलक्टर ने कहा कि वर्तमान में हो रही अतिवृष्टि को देखते हुए सभी संबंधित विभाग पूर्ण सतर्कता के साथ कार्य करें तथा आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों एवं संपर्क मार्गों की शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करने, रास्तों एवं संपर्क सड़कों के कटाव वाले प्रकरणों पर त्वरित कार्रवाई करने तथा आवागमन सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में एनिकटों एवं बांधों में जलभराव की स्थिति, आपदा प्रबंधन की तैयारियों तथा राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों के क्षतिग्रस्त एवं जर्जर भवनों की स्थिति की समीक्षा करते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा आवश्यकतानुसार वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभागों को तत्काल सर्वे कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। बैठक में संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने सभी विभागों को लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ समाधान किया जाए। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों एवं कमियों का समयबद्ध समाधान कर सकारात्मक कार्यसंस्कृति विकसित करें तथा विभागीय कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखें।
उन्होंने आगामी पंचायती राज एवं नगर निकाय चुनावों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की शत-प्रतिशत पालना करने के निर्देश दिए। साथ ही "हरियालो राजस्थान" अभियान के तहत विभागवार वृक्षारोपण की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पौधरोपण एवं उनकी नियमित देखरेख सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाया जाए तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाए।
जिला कलक्टर ने आगामी 7 अगस्त को मनाए जाने वाले ब्यावर जिले के स्थापना दिवस की तैयारियों की भी समीक्षा करते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने तथा जनभागीदारी के साथ आयोजन को सफल बनाने के निर्देश दिए। बैठक में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) सर्वे की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सर्वे कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने, आंकड़ों की शुद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्वे कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से इसकी प्रगति सुनिश्चित की जाए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ब्रह्मलाल जाट, उपखंड अधिकारी दिव्यांश सिंह, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी धन दान देथा, सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि समस्त उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार, विकास अधिकारी, अधिशाषी अधिकारी एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों ने अपने-अपने ब्लॉक से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया।
जिला कलक्टर ने अतिवृष्टि, कानून व्यवस्था एवं विकास कार्यों की समीक्षा
आपणो राजस्थान
