चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस दावे को खारिज किया, जिसमें आगामी विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी की सरकार जाने की बात कही गई थी। सीएम मान ने साफ शब्दों में कहा कि राज्य में अगली सरकार केंद्र के इशारे पर नहीं, बल्कि यहां के 3.25 करोड़ नागरिकों के फैसले से तय होगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने गुजरात के तटीय इलाकों से आ रहे नशीले पदार्थों के मुद्दे पर भी तीखे सवाल उठाए।
'गुजरात के पोर्ट्स से आ रहा है नशा'
ड्रग्स के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए सीएम मान ने आरोप लगाया कि पंजाब में नशे का अवैध कारोबार मुख्य रूप से 2007 से 2017 के बीच पिछली अकाली दल-बीजेपी सरकार के दौर में मजबूत हुआ था। उन्होंने कहा कि पकड़े गए कई बड़े तस्करों ने कई वरिष्ठ मंत्रियों के नाम उजागर किए हैं, जिनके साथ अब समझौते की बातें सामने आ रही हैं।
सीमा पार से ड्रोन के जरिए होने वाली तस्करी को स्वीकार करते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि बंदरगाहों तक भारी मात्रा में खेप कैसे पहुंच रही है। सीएम ने कहा, "वहां कड़े कस्टम नियम और सुरक्षा इंतजाम होते हैं। यदि 3,000 किलो तक का माल पोर्ट्स पर पहुंच रहा है, तो आज देश में गुजरात ड्रग्स का सबसे बड़ा सप्लायर बन चुका है। उन्होंने खुद 20,000 करोड़ रुपये के ड्रग्स पकड़े जाने की बात स्वीकार की है, ऐसे में वहां से लगातार नशा आने के स्रोत की जांच होनी चाहिए।"
विधानसभा हंगामे पर विपक्षी दलों को घेरा
एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले को लेकर पंजाब विधानसभा में हुए हंगामे पर भी मुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास कोई दूसरा ठोस मुद्दा नहीं बचा है और वे सिर्फ सदन की कार्यवाही बाधित करना चाहते हैं।
सीएम मान ने कहा, "पहले वे सदन न बुलाने का आरोप लगाते हैं, और जब सत्र बुलाया जाता है, तो वे उसका बहिष्कार करते हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था में चर्चा जरूरी है, उन्हें सदन के भीतर आकर सवाल-जवाब करने चाहिए।"
मालूम हो कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मानसा पहुंचकर एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा के परिजनों से मुलाकात की थी और परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया था। इसके एक दिन पहले ही शाह ने एक बयान में कहा था कि आगामी चुनावों में राज्य से 'आप' का सफाया तय है और एनडीए सरकार बनने पर 2029 तक ड्रग्स की समस्या को पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा।
