पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की फ्रांस यात्रा को लेकर केंद्र और आम आदमी पार्टी के बीच नया विवाद खड़ा हो गया है। पेरिस में आयोजित अंतरराष्ट्रीय फूड ट्रेड एग्जीबिशन SIAL 2026 में शामिल होकर लौट रहे सीएम मान को मंगलवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर तीन घंटे तक रोककर रखा गया।
आम आदमी पार्टी का दावा है कि औपचारिकताएं पूरी होने और सामान गाड़ी में लोड होने के बाद अधिकारियों ने 50 हजार रुपये का चालान भी काट दिया। पार्टी नेताओं के मुताबिक, इस कार्रवाई के पीछे अफसरों ने ऊपर से भारी दबाव होने की बात कही है।
बलतेज पन्नू का आरोप: प्रोटोकॉल से भी वंचित रखा गया
पंजाब AAP के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर इस घटना को केंद्र सरकार की संकीर्ण राजनीतिक सोच से जोड़ा। पन्नू के अनुसार, मुख्यमंत्री मान पंजाब के कृषि और औद्योगिक उत्पादों को वैश्विक बाजार में स्थापित करने के लिए पेरिस गए थे, लेकिन वहां भी उन्हें असहज करने के प्रयास किए गए।
पन्नू ने दावा किया कि पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद पेरिस में भारतीय काउंसल जनरल मुख्यमंत्री से मिलने नहीं पहुंचे और उन्हें तय राजनयिक प्रोटोकॉल से वंचित रखा गया।
हाईकोर्ट की अनुमति के बाद गए थे फ्रांस
यह पूरा विवाद पंजाब सरकार और केंद्र के बीच यात्रा मंजूरी को लेकर महीनों चले कानूनी संघर्ष से जुड़ा है। विदेश मंत्रालय ने कट्टरपंथी गुटों से सुरक्षा खतरे का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री मान के फ्रांस दौरे की अनुमति देने से इनकार कर दिया था।
इसके बाद राज्य सरकार ने हाईकोर्ट का रुख किया था। अदालत में दलील दी गई थी कि यह यात्रा कोई राजनीतिक दौरा नहीं, बल्कि राज्य के व्यावसायिक और कृषि हितों को बढ़ावा देने के लिए है। लंबी सुनवाई के बाद पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने 16 अक्टूबर को मान को फ्रांस जाने की हरी झंडी दी थी। सीएम मान इस एग्जीबिशन में 17 से 21 अक्टूबर तक शामिल हुए थे।
सौरभ भारद्वाज का तीखा हमला
घटना के बाद दिल्ली के पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया मंच X पर पोस्ट कर केंद्र पर सत्ता के अहंकार का आरोप लगाया और इस घटना को लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ बताया।
