झुंझुनूं जिले के चिड़ावा से इस वक्त की बड़ी खबर मिल रही है। झुंझुनूं जिले के चिड़ावा के बहुचर्चित ट्रायल रूम वीडियो कांड में गिरफ्तार दूसरे आरोपी को भी कोर्ट ने जेल भेज दिया है। मामले में मुख्य आरोपी शाहरूख शेख के ताऊ के बेटे अजरूद्दीन को गुरूवार शाम चिड़ावा पुलिस ने गिरफ्तार किया था। शुक्रवार को एसीजेएम कोर्ट चिड़ावा में अजरूद्दीन को पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी को 15 दिन की न्यायिक अभिरक्षा, यानि कि जेल भेज दिया। एसीजेएम कोर्ट चिड़ावा के अभियोजन अधिकारी राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस द्वारा पेश किए जाने के बाद अदालत ने आरोपी को जेल भेजने के आदेश दिए। पुलिस ने अजरूद्दीन का मोबाइल भी जब्त कर लिया है। जिसकी एफएसएल जांच करवाई जा सकती है। वहीं, पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी शाहरूख ने खुलासा किया था कि वह ट्रायल रूम में महिलाओं के बनाए गए वीडियो अपने ताऊ के बेटे अजरूद्दीन के साथ देखता था और उसे व्हाट्सएप पर शेयर भी करता था। जांच में सामने आया कि 6 जून को मामला उजागर होने से करीब एक महीने पहले मई माह को भी शाहरूख ने ट्रायल रूम में रिकॉर्ड किया गया एक महिला का वीडियो अजरूद्दीन को व्हाट्सएप पर भेजा था। यही वीडियो पुलिस जांच में सबसे अहम डिजिटल साक्ष्य बनकर सामने आया। जिसके आधार पर अजरूद्दीन की गिरफ्तारी हुई। अब पुलिस अजरूद्दीन के मोबाइल की फॉरेंसिक जांच कराएगी। ताकि यह पता लगाया जा सके कि वीडियो केवल उसके पास ही था या उसे आगे किसी अन्य व्यक्ति को भी भेजा गया था। साथ ही डिलीट किए गए डेटा और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी। गौरतलब है कि पिछले महीने छह जून की शाम को एक महिला ने अपने पति के साथ ट्रायल रूम में वीडियो बनाते हुए मुख्य आरोपी शाहरूख को रंगे हाथ पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। इसके बाद से मामले की जांच लगातार आगे बढ़ रही है और पुलिस डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
ट्रायल रूम कांड में आरोपी अजरूद्दीन जेल भेजा
संक्षेप में
झुंझुनूं जिले के चिड़ावा के चर्चित ट्रायल रूम वीडियो कांड में पुलिस ने दूसरे आरोपी अजरूद्दीन को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 15 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल जब्त कर लिया है और इसकी एफएसएल जांच कराई जाएगी।
आपणो राजस्थान
