बांसवाड़ा नगर परिषद चुनाव के नतीजों से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपने पार्षद प्रत्याशियों को एकजुट रखने के लिए बाडाबंदी शुरू कर दी है। भाजपा कार्यालय से सभी वार्डों के प्रत्याशियों को एक बस में बैठाकर अज्ञात स्थान के लिए रवाना किया गया। बताया जा रहा है कि प्रत्याशियों को मंदिर दर्शन के लिए ले जाया जा रहा है।

बांसवाड़ा में नगर परिषद चुनाव के मतदान के बाद अब 14 सितंबर को आने वाले नतीजों का इंतजार है। इससे पहले भाजपा ने अपने पार्षद प्रत्याशियों की बाराबंदी कर दी है। भाजपा कार्यालय से सभी प्रत्याशियों को एक बस में बैठाकर रवाना किया गया।भाजपा के पूर्व मंत्री धन सिंह रावत ने बताया कि सभी प्रत्याशियों को मंदिर दर्शन के लिए ले जाया जा रहा है। इस दौरान प्रत्याशियों के साथ उनके परिजन भी मौजूद हैं। हालांकि बस को कहां ले जाया जा रहा है, इसका खुलासा फिलहाल नहीं किया गया है।खास बात यह रही कि सभी प्रत्याशी अपने-अपने बैग लेकर भाजपा कार्यालय पहुंचे और फिर बस में सवार होकर रवाना हो गए। किसी के चेहरे पर जीत की उम्मीद की खुशी नजर आई तो किसी को कुछ दिनों के लिए घर-परिवार से दूर होने का मलाल भी दिखा।भाजपा ने प्रत्याशियों को 14 सितंबर को चुनाव परिणाम आने के बाद ही वापस लाने की बात कही है। ऐसे में नतीजों से पहले भाजपा की यह रणनीति शहर में राजनीतिक चर्चा का विषय बनी हुई है।