लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत हो चुकी है। चार दिनों तक चलने वाले इस अनुष्ठान में इस्तेमाल होने वाली पारंपरिक सामग्री का सीधा संबंध नवग्रहों की ऊर्जा से माना गया है। ज्योतिष के जानकारों के अनुसार, पूजा में उपयोग होने वाले बांस के सूप से लेकर ठेकुआ और कच्ची हल्दी तक हर वस्तु किसी न किसी ग्रह के प्रभाव को संतुलित करती है।
बांस के सूप और शनि देव का संबंध
छठ पूजा में बांस से बने सूप और दउरा का विशेष महत्व होता है। इसी सूप में पूजा की सामग्री और प्रसाद रखकर व्रती सूर्यदेव को अर्घ्य देते हैं। बांस के लचीलेपन और निरंतरता को ज्योतिष में शनि देव से जोड़ा जाता है।
कठिन परिस्थितियों में भी टिके रहने की बांस की क्षमता शनि के अनुशासन, कर्म और धैर्य के गुणों का प्रतिनिधित्व करती है। इस पारंपरिक वस्तु का उपयोग जीवन में स्थिरता और संयम का संदेश देता है।
ठेकुआ और सूर्य देव की ऊर्जा
छठ पूजा का मुख्य प्रसाद ठेकुआ इस पर्व की सबसे बड़ी पहचान है। इसे शुद्ध गेहूं के आटे, गुड़ और देसी घी से तैयार किया जाता है। ज्योतिष शास्त्र में गेहूं और गुड़ दोनों को सीधे तौर पर सूर्य देव से संबंधित माना गया है।
सूर्य को आत्मबल, तेज, स्वास्थ्य और मान-प्रतिष्ठा का कारक माना जाता है। पूरी शुद्धता और श्रद्धा के साथ ठेकुआ बनाकर सूर्य भगवान को अर्पित करने से उनकी विशेष कृपा प्राप्त होती है और कुंडली में सूर्य की स्थिति मजबूत होती है।
