कॉकरोच जनता पार्टी और सरकार के बीच आज दूसरे दौर की वार्ता, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान

पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी  और केंद्र सरकार के बीच शुक्रवार दोपहर 12:30 बजे दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में दूसरे दौर की अहम बैठक हुई  इससे पहले 20 जुलाई को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के आवास पर हुई वार्ता किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी थी। सरकार का दावा है कि उसने CJP को चार बार बातचीत के लिए आमंत्रित किया, लेकिन संगठन ने मंत्री के आवास पर बैठक करने से इनकार करते हुए किसी तटस्थ स्थान पर बातचीत की मांग की थी। इसी के बाद दोनों पक्षों के बीच कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में बैठक पर सहमति बनी है। इस बीच आंदोलन के 26वें दिन सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने अपना अनशन समाप्त कर दिया। वही देर रात केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह मेदांता अस्पताल पहुंचे और उन्हें जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया।

वही CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि आंदोलन के बढ़ते दबाव के कारण ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देर रात पेपर लीक के खिलाफ सख्त कानून लाने का वीडियो संदेश जारी करना पड़ा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक शिक्षा मंत्री अपना इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन और विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। प्रधानमंत्री ने अपने वीडियो संदेश में पेपर लीक के खिलाफ कठोर कानून लाने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है। वहीं, आंदोलन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। राजीव चौक, लोक कल्याण मार्ग समेत 17 मेट्रो स्टेशनों को एहतियातन बंद कर दिया गया है। गुरुवार देर रात संसद मार्ग पर प्रदर्शनकारियों द्वारा बैरिकेड्स तोड़ने की घटना के बाद पुलिस ने सुरक्षा और बढ़ा दी है। CJP ने आज देशभर में विरोध प्रदर्शन का आह्वान भी किया है, जिसके चलते कई राज्यों में प्रदर्शन और रैलियां आयोजित किए जाने की संभावना है।