CJP आंदोलन पर सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत पर गतिरोध, दोनों पक्ष अपने-अपने रुख पर कायम
दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व वाले छात्र आंदोलन के बीच सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत को लेकर गतिरोध बना हुआ है। गुरुवार को केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार CJP के साथ किसी भी समय बातचीत के लिए तैयार है। उन्होंने दावा किया कि बुधवार दोपहर से अब तक सरकार की ओर से चार बार बातचीत का प्रस्ताव भेजा जा चुका है और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास या कार्यालय सहित किसी भी स्थान पर बैठक आयोजित की जा सकती है, जिसमें संबंधित केंद्रीय मंत्री भी शामिल होंगे। हालांकि, CJP ने सरकार का यह प्रस्ताव स्वीकार करने से इनकार कर दिया। पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में बातचीत करना चाहती है तो उसे जंतर-मंतर या प्रदर्शन स्थल के पास किसी तटस्थ स्थान पर आकर बातचीत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारी किसी नेता के घर या कार्यालय में वार्ता के लिए नहीं जाएंगे। गौरतलब है कि CJP के नेतृत्व में छात्र 20 जून से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी प्रमुख मांग NEET पेपर लीक मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई, जवाबदेही तय करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की है। बता दे आंदोलन से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक 28 जून से अनिश्चितकालीन अनशन पर हैं और स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद फिलहाल गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं।
