कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। प्रतियोगिता के सातवें दिन पैरा एथलीट दिलीप महादु गावित ने पुरुषों की पैरा T47 वर्ग की 100 मीटर दौड़ में 10.71 सेकेंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया और भारत को खेलों का तीसरा गोल्ड दिलाया। इसी स्पर्धा में भारत के मोहम्मद बासिल ने 10.83 सेकेंड के साथ रजत पदक जीतकर भारत का दबदबा कायम रखा, जबकि इंग्लैंड के केविन सैंटोस को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। इससे पहले भारत के लिए महिलाओं की पैरा शॉटपुट F57 स्पर्धा में शर्मिला धनकड़ और वेटलिफ्टिंग के 48 किलोग्राम वर्ग में मीराबाई चानू स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।
आपको बता दे एथलेटिक्स में मुरली श्रीशंकर ने पुरुषों की लॉन्ग जंप स्पर्धा में 8.09 मीटर की छलांग लगाकर सिल्वर मेडल हासिल किया। इसके साथ ही वह लगातार दो कॉमनवेल्थ गेम्स में लॉन्ग जंप का रजत पदक जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए। इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक जमैका के तजय गेल ने 8.15 मीटर की छलांग के साथ जीता। सातवें दिन के मुकाबलों के बाद भारत के खाते में 3 गोल्ड, 9 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज सहित कुल 15 पदक हो चुके हैं, जिससे भारतीय टीम मेडल तालिका में आठवें स्थान पर पहुंच गई है। इसके अलावा भारतीय बॉक्सिंग टीम के छह मुक्केबाजों के सेमीफाइनल में पहुंचने से इस खेल में भारत के लिए 10 पदक भी पक्के हो गए हैं। उल्लेखनीय है कि पैरा T47 वर्ग में उन खिलाड़ियों को शामिल किया जाता है, जिनके एक या दोनों हाथों में शारीरिक अक्षमता होती है या हाथ की कार्यक्षमता प्रभावित होती है।
