आंखों से जुड़ी समस्या हाइपरोपिया यानी दूरदृष्टि दोष में पास की चीजें धुंधली दिखाई देती हैं, जबकि दूर की वस्तुएं अपेक्षाकृत साफ नजर आती हैं। यह स्थिति आंख की लंबाई या कॉर्निया और लेंस की फोकस करने की क्षमता में अंतर के कारण पैदा होती है। लंबे समय तक पढ़ने या मोबाइल स्क्रीन देखने के दौरान सिरदर्द और आंखों में थकान महसूस होना इसका एक प्रमुख संकेत हो सकता है।
हाइपरोपिया में पास की चीजें क्यों दिखती हैं धुंधली?
मैयोक्लीनिक के अनुसार हाइपरोपिया से पीड़ित लोगों को पास की वस्तुओं पर फोकस करने में परेशानी होती है, क्योंकि आंख में प्रवेश करने वाली रोशनी रेटिना पर सही जगह केंद्रित नहीं हो पाती। सामान्य दृष्टि में कॉर्निया और लेंस से गुजरने वाली रोशनी सीधे रेटिना पर फोकस होती है, जो दृश्य जानकारी को मस्तिष्क तक पहुंचाती है।
इस स्थिति में रोशनी का फोकस रेटिना के पीछे बनने लगता है, जिससे पास की छवि स्पष्ट नहीं बन पाती। हालांकि, समस्या अधिक होने पर दूर की दृष्टि भी प्रभावित हो सकती है। अमेरिकन एकेडमी ऑफ ऑप्थेमोलॉजी के मुताबिक इसके दो मुख्य कारण होते हैं- आंख का सामान्य से आगे-पीछे छोटा होना या कॉर्निया और लेंस की फोकस करने की क्षमता में असंतुलन। इसके अलावा, आनुवंशिक कारणों से भी यह समस्या बच्चों में आ सकती है, हालांकि पारिवारिक इतिहास न होने पर भी यह विकसित हो सकती है।
हाइपरोपिया और प्रेसबायोपिया में क्या अंतर है?
हाइपरोपिया और उम्र से जुड़ी प्रेसबायोपिया दोनों में ही पास की चीजें देखने में दिक्कत आती है, लेकिन दोनों के मूल कारण अलग हैं।
एनआईएच के मुताबिक हाइपरोपिया आंख की बनावट या लंबाई की वजह से जन्मजात या कम उम्र से हो सकता है। इसके विपरीत, प्रेसबायोपिया उम्र बढ़ने के साथ आंख के प्राकृतिक लेंस के लचीलेपन में कमी आने से जुड़ी स्थिति है। उम्र के इस पड़ाव पर लेंस पास की चीजों पर फोकस करने के लिए अपनी आकृति आसानी से नहीं बदल पाता और इसके लक्षण आमतौर पर 40 से 45 वर्ष की उम्र के आसपास सामने आने लगते हैं। कई मामलों में एक ही व्यक्ति को ये दोनों समस्याएं एक साथ भी हो सकती हैं।
कैसे होती है पहचान और क्या है बचाव?
जॉन्स हॉपकिन्स के अनुसार व्यापक आंखों की जांच से हाइपरोपिया का सटीक पता लगाया जाता है। नेत्र विशेषज्ञ विजन टेस्ट के साथ यह आकलन करते हैं कि आंखें रोशनी को किस तरह केंद्रित कर रही हैं। बच्चों की जांच के दौरान जरूरत पड़ने पर पुतलियां फैलाने वाली आई ड्रॉप्स का इस्तेमाल किया जाता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि बच्चों में हल्की हाइपरोपिया सामान्य हो सकती है, लेकिन गंभीर मामलों में भेंगापन या लेजी आईज का जोखिम बढ़ जाता है। पढ़ते समय लगातार सिरदर्द या धुंधलापन दिखने पर तुरंत जांच करानी चाहिए। हालांकि मोबाइल का अधिक इस्तेमाल आंखों को थका सकता है, लेकिन इसे इस दोष का प्रत्यक्ष कारण नहीं माना जाता। समय पर जांच और सही नंबर के चश्मे से इस समस्या को ठीक किया जा सकता है।
