शाजापुर में गोवर्धन पूजा के अगले दिन यानी पड़वा के मौके पर वर्षों पुरानी परंपरा का निर्वहन किया गया। बापू की कुटिया के पास स्थित मैदान में मंगलवार को पड़ों की पारंपरिक लड़ाई का आयोजन किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और दर्शक मैदान में जुटे।
इस पारंपरिक आयोजन के दौरान दो जोड़ियों के बीच मुकाबले हुए। इसमें 'राजा' और 'पठान' नाम के पड़ों के बीच हुई भिड़ंत सबसे बड़ा आकर्षण का केंद्र रही। दोनों के बीच काफी देर तक कड़ा मुकाबला चलता रहा।
निर्णायक परिणाम नहीं निकलने पर अलग किए गए पड़ दोनों
काफी देर तक चले संघर्ष के बाद भी जब मुकाबले का कोई निर्णायक परिणाम सामने नहीं आया, तो दोनों पड़ों के मालिकों ने आपसी सहमति से उन्हें अलग कर लड़ाई समाप्त करवा दी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह आयोजन शहर की पुरानी परंपरा का हिस्सा है, जो हर साल पड़वा के अवसर पर होता है। इस बार के आयोजन को लेकर प्रशासन से पहले ही आवश्यक अनुमति ली गई थी, जिसके बाद तय स्थल पर यह मुकाबला संपन्न हुआ।
