भारत ने हरित परिवहन की दिशा में एक बड़ा कदम बढ़ाते हुए अपनी पहली हाइड्रोजन ट्रेन की शुरुआत की है। आपको बता दे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को हरियाणा के जींद रेलवे स्टेशन से जींद-सोनीपत रूट पर चलने वाली देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और राज्यपाल प्रो. असीम घोष भी मौजूद रहे। 10 कोच वाली यह ट्रेन 89 किलोमीटर लंबे रूट पर 14 स्टेशनों के बीच अधिकतम 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी और करीब दो घंटे में सफर पूरा करेगी। यात्रियों के लिए किराया 5 से 25 रुपये के बीच रखा गया है, जिससे यह आम लोगों के लिए सुविधाजनक रहेगी।
वही इस उपलब्धि के साथ भारत हाइड्रोजन ईंधन से ट्रेन चलाने वाला दुनिया का पांचवां देश बन गया है। इससे पहले जर्मनी, फ्रांस, स्वीडन और चीन में ही हाइड्रोजन ट्रेनें संचालित हो रही हैं। हाइड्रोजन ट्रेन को पारंपरिक डीजल ट्रेनों की तुलना में अधिक पर्यावरण अनुकूल माना जाता है, क्योंकि इससे कार्बन उत्सर्जन बेहद कम होता है। ट्रेन के शुभारंभ के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने जींद में आयोजित एक कार्यक्रम में एलिवेटेड रेलवे ट्रैक, दो मेडिकल कॉलेजों समेत नौ विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। सरकार के मुताबिक यह पहल भारतीय रेलवे को स्वच्छ, आधुनिक और टिकाऊ परिवहन प्रणाली की दिशा में आगे बढ़ाने में अहम साबित होगी।
