त्योहारी सीजन के मद्देनजर सुरक्षा और शांति व्यवस्था को लेकर इंदौर पुलिस कमिश्नरेट का चेकिंग अभियान जारी है। इसी कड़ी में बाणगंगा थाना क्षेत्र के नंदबाग और कुशवाहा नगर में पुलिस ने औचक निरीक्षण कर बिना लाइसेंस के पटाखे बेच रहे दो दुकानदारों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। मौके से भारी मात्रा में अवैध पटाखे बरामद किए गए हैं।
औचक निरीक्षण में पकड़ी गईं दुकानें
बाणगंगा थाना पुलिस की टीमें त्योहारी सुरक्षा के तहत लगातार इलाकों में गश्त कर रही हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ जगहों पर नियमों को ताक पर रखकर बिना वैध लाइसेंस के पटाखों का अवैध भंडारण और विक्रय किया जा रहा है।
इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने नंदबाग और कुशवाहा नगर क्षेत्र की विभिन्न दुकानों की सघन जांच की। जांच के दौरान दो अलग-अलग दुकानों पर बिना किसी अनुमति के अवैध रूप से पटाखे बेचे जाते हुए पाए गए।
जब्त पटाखों की कीमत डेढ़ लाख रुपये
पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में प्रतिबंधित और बिना लाइसेंस के रखे गए पटाखे जब्त किए हैं। स्थानीय बाजार में इन पटाखों की कुल अनुमानित कीमत करीब 1.5 लाख रुपये आंकी गई है।
अडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक, इस अवैध कारोबार में संलिप्त दोनों दुकानदारों को पकड़ लिया गया है। आरोपियों की पहचान राम यादव (पिता जगदीश यादव) और संदीप प्रजापति (पिता विजेंद्र प्रजापति) के रूप में हुई है, जो दोनों नंदबाग के रहने वाले हैं। बाणगंगा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम और सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
