राजधानी जयपुर के वैशाली नगर इलाके में कैफे संचालक मयंक गोपालिया पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद शाहरुख उर्फ पन्नया और अकमान खान के रूप में हुई है। वारदात के बाद वैशाली नगर थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों का इलाके में जुलूस भी निकाला, ताकि अपराधियों में खौफ पैदा किया जा सके।
यह घटना 5 नवंबर की रात की है, जब मयंक गोपालिया अपना कैफे बंद करके घर लौट रहे थे। रास्ते में दोनों आरोपियों ने उन पर लोहे के पाइप से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के बाद मयंक को तुरंत फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
क्या थी रंजिश?
शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस हमले की वजह कुछ दिन पहले कैफे में हुआ एक विवाद था। कैफे के अंदर कुछ लोग एक महिला कर्मचारी के साथ जबरदस्ती बातचीत कर रहे थे और गाली-गलौज कर रहे थे। मयंक गोपालिया ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया था और उन युवकों को समझाया था। इसी बात से खुन्नस खाकर आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस टीम की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए वैशाली नगर थानाधिकारी अरविंद सिंह शेखावत के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस ने तकनीकी सहायता और स्थानीय इनपुट के आधार पर दोनों आरोपियों को दबोचा। इस पूरी कार्रवाई में थानाधिकारी अरविंद सिंह के अलावा उपनिरीक्षक ईश्वर सिंह, सहायक उपनिरीक्षक तेजवीर, कांस्टेबल सुरेश कुमार और कमलेश कुमार शामिल रहे। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस हमले में उनके साथ कोई और भी शामिल था या नहीं।
