राजधानी के हाई-सिक्योरिटी जोन माने जाने वाले सिविल लाइंस इलाके में चोरों ने बीजेपी विधायक और पूर्व मंत्री प्रताप सिंह सिंघवी के बंगले को निशाना बनाया। राजभवन के ठीक पीछे स्थित इस आवास से चोर लाखों रुपये का सामान समेट कर ले गए। वीआईपी इलाके में हुई इस वारदात के बाद स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
वीआईपी आवासों का यह है इलाका
प्रताप सिंह सिंघवी का यह बंगला जयपुर के सबसे संवेदनशील और सुरक्षित क्षेत्रों में शुमार सिविल लाइंस में है। इसी सड़क पर कई अन्य दिग्गज नेताओं और मंत्रियों के ठिकाने हैं। विधायक के बंगले के ठीक सामने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट का निवास है, जबकि बगल में मंत्री सुरेश रावत का आवास स्थित है। इस हाई-प्रोफाइल इलाके में सेंधमारी की खबर सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
दौरे पर थे विधायक, कमिश्नर को दी सूचना
यह वारदात बीती रात की है। घटना के वक्त विधायक सिंघवी अपने निर्वाचन क्षेत्र के दौरे पर गए हुए थे। बंगले पर चोरी की भनक लगते ही उन्होंने जयपुर पुलिस कमिश्नर को फोन पर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर मु मुआयना किया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
आरोपियों का सुराग लगाने के लिए पुलिस अब आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। तकनीकी टीम संभावित सुराग जुटाने में जुटी है ताकि चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द दबोचा जा सके। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि बंगले से वास्तव में क्या-क्या सामान चोरी हुआ है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और फॉरेंसिक रिपोर्ट सामने आने के बाद ही चोरी गए सामान की सही सूची और अन्य जानकारियां स्पष्ट हो सकेंगी।
छबड़ा सीट से विधायक हैं सिंघवी
प्रताप सिंह सिंघवी राजस्थान के सीनियर बीजेपी नेताओं में गिने जाते हैं और फिलहाल बारां जिले की छबड़ा विधानसभा सीट से विधायक हैं। वे पूर्व में वसुंधरा सरकार के कार्यकाल में स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
