Tuesday, 29 September 2026
अभी का दौर

जोधपुर में बारिश की एंट्री तय

आपणो राजस्थान
जोधपुर में बारिश की एंट्री तय

जोधपुर में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए खुशखबरी है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक अगले एक से दो दिनों में मानसून जोधपुर में दस्तक दे सकता है। इसे देखते हुए 2 जुलाई से 6 जुलाई तक आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। फिलहाल शहर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31.5 डिग्री दर्ज किया गया है, जिससे लोगों को दिनभर तेज गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि मौसम विभाग के मुताबिक  मानसून के आगे बढ़ने के साथ ही तापमान में गिरावट आएगी और मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल जाएगा। अनुमान है कि आने वाले 15 दिनों के दौरान जोधपुर और आसपास के क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने की संभावना  है, जिससे किसानों के साथ-साथ आम लोगों को भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.. 

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक  यदि इस बार मानसून जुलाई में जोधपुर पहुंचता है, तो पिछले पांच वर्षों में यह तीसरी बार होगा जब शहर में मानसून की एंट्री जुलाई महीने में होगी। इससे पहले वर्ष 2021 और 2022 में भी मानसून जुलाई में पहुंचा था, जबकि 2023, 2024 और 2025 में जून के दौरान ही मानसून ने दस्तक दे दी थी। प्रदेश के कई जिलों में मानसून सक्रिय हो चुका है और अब इसके पश्चिमी राजस्थान की ओर तेजी से बढ़ने की संभावना है। विभाग ने तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश की चेतावनी जारी करते हुए लोगों से मौसम को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है। यदि पूर्वानुमान सही साबित होता है, तो आने वाले दिनों में जोधपुर सहित पूरे संभाग में मौसम पूरी तरह बदल सकता है और लंबे समय से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है...