ब्यावर। चिकित्सा विभाग अजमेर के संयुक्त निदेशक संपत सिंह जोधा शुक्रवार को औचक रूप से ब्यावर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों का दौरा कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं का भी जायजा लिया। संयुक्त निदेशक जोधा ने मातृ-शिशु एवं प्रसूता गृह में संचालित नई ओपीडी, नेत्र विभाग, नाक-कान-गला विभाग, स्त्री रोग विभाग तथा नि:शुल्क पर्ची काउंटर सहित अस्पताल के अन्य विभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से विभागों में उपलब्ध सुविधाओं, मरीजों की संख्या, व्यवस्थाओं तथा कार्य प्रणाली की जानकारी ली।
चिकित्सा सुविधाओं की ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान संयुक्त निदेशक जोधा ने ओपीडी में उपचार के लिए पहुंचे मरीजों से सीधे बातचीत कर अस्पताल में मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से चिकित्सकीय परामर्श, जांच, दवाइयों तथा अन्य व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक प्राप्त किया। साथ ही विभागों में आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। अस्पताल में चिकित्सकों और नर्सिंगकर्मियों की कमी के बावजूद चिकित्सा व्यवस्थाओं के संचालन को लेकर संयुक्त निदेशक ने संतोष व्यक्त किया।
स्टाफ के कार्यों की सराहना की
उन्होंने अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह चौहान सहित चिकित्सा एवं नर्सिंग स्टाफ के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद अस्पताल में व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखना सराहनीय है। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में सामने आई कमियों को लेकर संयुक्त निदेशक ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने व्यवस्थाओं में सुधार करने तथा मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
मरीजों की परेशानियां समझी
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जाए। निरीक्षण के दौरान संयुक्त निदेशक संपत सिंह जोधा ने कहा कि अस्पताल में चिकित्सकों की कमी को जल्द दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। चिकित्सकों के रिक्त पदों को भरने के लिए चिकित्सा विभाग को प्रस्ताव बनाकर भेजा जा चुका है। उन्होंने उम्ममीद जताई कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद अस्पताल में चिकित्सकों की कमी दूर होगी, जिससे मरीजों को और बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी। निरीक्षण के दौरान पीएमओ डॉ. सुरेंद्र सिंह चौहान, नर्सिंग अधीक्षक श्रवण सिंह, परमेश्वर पारीक, महिपाल सिंह कुमावत सहित अस्पताल के अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं नर्सिंग स्टाफ मौजूद रहा।
