राज्य में पंचायत चुनाव के चौथे चरण के मतदान से पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की बयानबाजी पर पलटवार करते हुए कहा कि बार-बार लोकतंत्र की हत्या करने वाली कांग्रेस आज लोकतंत्र की दुहाई दे रही है, जिसे ऐसा करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
जयपुर में 13 नवंबर 2026 को मीडिया से बातचीत में राठौड़ ने मतदाताओं से अपील की कि वे गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि देश का सपना तभी पूरा होगा जब गांव मजबूत होंगे।
गांवों में शहरी तर्ज पर मिलेंगी सुविधाएं
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी का संकल्प गांवों को मूलभूत सुविधाओं से लैस करना है। इसके तहत गांवों में बेहतर सड़कें, रोड लाइट, नालियां और इंटरनेट जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे ग्रामीण जीवन स्तर सुधरेगा और पलायन रुकेगा।
केंद्र और राज्य के बाद अब त्रिस्तरीय पंचायती राज चुनावों में भी भाजपा की सरकार बनने से विकास कार्यों को नई गति मिलने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि पहले तीन चरणों में उत्साहवर्धक मतदान पार्टी के पक्ष में हुआ है और चौथे चरण में भी इसी समर्थन की उम्मीद है।
गहलोत के कार्यकाल और प्रशिक्षण पर सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयानों पर पलटवार करते हुए राठौड़ ने कहा कि गहलोत को आत्ममंथन करना चाहिए कि उन्होंने अपने जनप्रतिनिधियों को समय पर प्रशिक्षण क्यों नहीं दिया।
अशोक गहलोत अपने विधायकों तक को प्रशिक्षित नहीं कर पाए, जबकि भाजपा अपने जनप्रतिनिधियों को सक्षम और जिम्मेदार बनाने के लिए लगातार प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर रही है। कांग्रेस जहां सत्ता और बाड़ाबंदी की राजनीति करती रही है, वहीं भाजपा का जोर हमेशा विकास और कार्यकुशलता पर रहता है।
राठौड़ ने चुनाव प्रक्रिया की अवधि का जिक्र करते हुए कहा कि भजनलाल शर्मा सरकार ने कुछ ही दिनों में पंचायत चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया है, जबकि पिछली सरकार के समय लंबे समय तक आचार संहिता लागू रहने से विकास कार्य प्रभावित होते थे।
धारा 356 और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का मुद्दा
कांग्रेस द्वारा लोकतंत्र की हत्या के लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इतिहास गवाह है कि किसने लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में 93 बार से अधिक अनुच्छेद 356 का दुरुपयोग कर चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किया था। बाहुबल और भीड़तंत्र के सहारे सत्ता हासिल करने की कोशिश करने वालों को आज लोकतांत्रिक मूल्यों पर बात करने का कोई हक नहीं है।
