सागर जिले में जहरीली शराब पीने से हुई 37 मौतों और उसके बाद भी जारी अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ गुरुवार को कांग्रेस ने शहर में मशाल जुलूस निकाला। राजीव गांधी भवन से शुरू हुआ यह प्रदर्शन कटरा, जामा मस्जिद और गुजराती बाजार से होते हुए राधा तिराहा तक पहुंचा, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेश जाटव के नेतृत्व में निकाले गए इस जुलूस के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में मशालें थाम रखी थीं और "37 मौतों का हिसाब दो", "अवैध शराब बंद करो" जैसे नारे लगाए गए। प्रदर्शन के अंत में वक्ताओं ने प्रशासन और आबकारी विभाग को सीधी चेतावनी दी कि यदि अवैध शराब की बिक्री पर रोक नहीं लगी, तो जिला स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
'यह कोई हादसा नहीं, प्रशासनिक मिलीभगत का नरसंहार'
राधा तिराहा पर सभा को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि जिले में जहरीली शराब से अब तक 37 लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन वास्तविक आंकड़ा इससे कहीं अधिक है। कई परिवारों ने डर और दबाव के चलते मौतें छिपा ली हैं, तो कई मामलों में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हेराफेरी के आरोप सामने आए हैं।
महेश जाटव ने कहा- "केसली में युवक की संदिग्ध मौत और बरेठी शराब दुकान में 1300 पेटी अवैध शराब का मिलना यह साबित करता है कि यह महज कोई हादसा नहीं, बल्कि प्रशासन और शराब माफिया की मिलीभगत से रचा गया नरसंहार है। कांग्रेस मांग करती है कि इन मौतों की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच कराई जाए।"
नेताओं की मांग: हत्या का मुकदमा और 20-20 लाख का मुआवजा
पूर्व सांसद आनंद अहिरवार ने कहा कि इस पूरी त्रासदी के लिए जिम्मेदार आबकारी अधिकारियों और दोषी शराब ठेकेदारों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए। साथ ही, पीड़ित परिवारों को 20-20 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग उठाई गई।
पूर्व विधायक सुनील जैन ने देवरी क्षेत्र में भी अवैध शराब से हो रही मौतों का हवाला देते हुए प्रशासन पर खामोश तमाशा देखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार और स्थानीय प्रशासन को इस गंभीर लापरवाही पर जवाब देना होगा।
प्रदर्शन में शामिल अन्य नेताओं ने भी प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। अमित राम जी दुबे ने कहा कि 37 माताओं की गोद उजड़ने के बाद भी जिम्मेदार गहरी नींद में हैं और गांव-गांव अवैध शराब बेची जा रही है। संगठन मंत्री रामकुमार पचौरी ने कहा कि यह मशाल जुलूस मृतकों को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ प्रशासन को एक कड़ी चेतावनी है कि कांग्रेस हर पीड़ित परिवार तक पहुंचकर असली आंकड़े सामने लाएगी।
