दिल्ली की अलग-अलग अदालतों ने नाबालिगों से बलात्कार के दो मामलों में डीएनए (DNA) सबूतों के आधार पर बड़ा फैसला सुनाया है। इन दोनों मामलों में पीड़िताओं के गर्भवती होने के बाद फॉरेंसिक जांच कराई गई थी, जिससे आरोपियों के जैविक पिता होने की पुष्टि हुई। अदालतों ने दोनों मामलों में आरोपियों की दलीलों को खारिज करते हुए उन्हें दोषी करार दिया है।
पहला मामला: झूठे शादी के भरोसे का झांसा
पहले मामले में दिल्ली की एक अदालत ने अफजल अहमद को नाबालिग के साथ बलात्कार और गंभीर यौन उत्पीड़न का दोषी ठहराया है। अदालत में सुनवाई के दौरान डीएनए रिपोर्ट से यह साबित हो गया कि अहमद ही उस भ्रूण का जैविक पिता था, जिसका गर्भपात कराया गया था।
अडिशनल सेशन जज सुनील कुमार ने आरोपी की उस दलील को सिरे से खारिज कर दिया जिसमें उसने आपसी सहमति से रिश्ते की बात कही थी। अदालत ने स्पष्ट किया कि पोक्सो (POCSO) एक्ट के तहत कानूनन तय उम्र से कम उम्र की लड़की की सहमति का कोई कानूनी आधार नहीं होता। मुकदमे के दौरान सरकारी वकील रॉबिन सिंह ने स्कूल के रिकॉर्ड पेश करते हुए साबित किया कि घटना के वक्त पीड़िता की उम्र 18 साल से कम थी, क्योंकि उसका जन्म 2001 में हुआ था।
सुनवाई के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी के माता-पिता ने पीड़िता से शादी का वादा किया था, जिसके दबाव में उसने शुरुआत में गवाही के दौरान आरोपी को बचाने की कोशिश की थी। हालांकि, बाद में उसने अपनी पहली शिकायत को सच बताया। कोर्ट ने माना कि अहमद ने सिंदूर भरकर और कानूनी शादी का झूठा भरोसा देकर पीड़िता के साथ धोखाधड़ी की थी। इन तमाम सबूतों के आधार पर अदालत ने उसे बलात्कार और गंभीर यौन हमले का दोषी ठहराया, लेकिन आपराधिक धमकी के आरोप से बरी कर दिया।
दूसरा मामला: 63 वर्षीय दोषी को 20 साल की कठोर सजा
एक अन्य मामले में पटियाला हाउस कोर्ट की एडिशनल सेशन जज प्रभदीप कौर ने 63 वर्षीय राधेश्याम उर्फ श्याम को 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। इस मामले में भी पीड़िता के गर्भवती होने के बाद फॉरेंसिक जांच कराई गई थी, जिससे पुष्टि हुई कि गर्भ में पल रहे बच्चे का जैविक पिता श्याम ही है।
अदालत ने श्याम को पोक्सो एक्ट की धारा 6 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(m) और 351 के तहत दोषी करार दिया है। इसके साथ ही उस पर कुल 1.1 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। अभियोजन पक्ष की ओर से एडिशनल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर अजय अग्रवाल ने पीड़िता की गवाही और फॉरेंसिक रिपोर्ट के पुख्ता आंकड़े अदालत के सामने रखे। पिछले साल इस पीड़िता को गर्भवती हालत में सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसने डरा-धमकाकर लगातार यौन शोषण किए जाने का आरोप लगाया था।
