सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से जान गंवाने वाले लोगों के मामले में प्रशासन की कार्रवाई तेज हो गई है। घटना के बाद से ग्रामीण इलाकों में गम और गुस्से का माहौल है। इसी बीच स्थिति का जायजा लेने और पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाने के लिए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला मंगलवार को बंडा पहुंचे।
बंडा के प्रभावित गांवों का दौरा
डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला ने बंडा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बमूरा भेड़ा, नौराज और गूगराखुर्द का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ स्थानीय विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी (लंबरदार) भी मौजूद रहे। उपमुख्यमंत्री ने सीधे तौर पर प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और शोक संवेदना व्यक्त की।
अब तक 10 गिरफ्तार, 30 पर FIR
प्रभावित परिवारों से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने प्रशासनिक कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि कुल 30 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। प्रशासन का कहना है कि अवैध शराब के इस कारोबार से जुड़े किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा और सभी दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इलाके में दहशत और प्रशासनिक निगरानी
बंडा नगर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में जहरीली शराब कांड के बाद से दहशत का माहौल बना हुआ है। मृतकों की संख्या में लगातार हो रहे इजाफे ने स्थानीय प्रशासन की नींद उड़ा दी है। आबकारी विभाग और पुलिस की टीमें क्षेत्र में अवैध शराब के अड्डों की सुराखकसी में जुटी हैं, ताकि इस अवैध नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचा जा सके।
