जयपुर में एक प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयानों और सोनिया गांधी की हालिया पुस्तक को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि खरगे की टिप्पणियों में उनकी बढ़ती उम्र का असर साफ झलक रहा है।
राठौड़ ने कहा कि हर त्यौहार का अपना अलग ऐतिहासिक और सामाजिक प्रसंग होता है और किसी एक वर्ग विशेष को रिझाने के लिए त्यौहारों की आपस में तुलना करना उचित नहीं है।
खरगे के बयानों पर उम्र के असर का तंज
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष कभी प्रधानमंत्री के परिजनों पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर देते हैं तो कभी दिवाली और ईद जैसे पर्वों की तुलना करने लगते हैं। उन्होंने मल्लिकार्जुन राठौड़ (खरगे) के बयानों पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे शायद यह भूल चुके हैं कि उनके परिवार को किन हालातों का सामना करना पड़ा था।
प्रेसवार्ता में राठौड़ ने आगे कहा कि जब जुबान फिसलने लगे और इस स्तर की बयानबाजी सामने आने लगे, तो इसे केवल बढ़ती उम्र का नतीजा ही माना जा सकता है।
संजय गांधी की आलोचना पर क्या बोले राठौड़?
सोनिया गांधी की हालिया पुस्तक में आपातकाल और संजय गांधी की भूमिका को लेकर भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि संजय गांधी के जीवित रहने के दौरान इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और खुद सोनिया गांधी उन्हीं की व्यवस्था के साए में काम करती थीं। उनके निधन के बाद उन्हें कठघरे में खड़ा करना और तमाम फैसलों के लिए अकेले जिम्मेदार ठहराना ठीक नहीं है।
राठौड़ ने आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का काला दौर बताते हुए कहा कि उस दौरान प्रेस की स्वतंत्रता छीनी गई और लोकतंत्र का गला घोंटा गया। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि उस सरकार को कोई और रिमोट कंट्रोल से चला रहा था, तो यह सीधे तौर पर तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नेतृत्व क्षमता पर सवाल खड़े करता है।
