मंडला जिले के मवई विकासखंड क्षेत्र में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही से एक आउटसोर्स कर्मचारी की करंट लगने से मौत हो गई। रामतिला गांव का रहने वाला डेनी धुर्वे रहगी गांव में 11 केवी लाइन के खंभे पर मेंटेनेंस का काम कर रहा था, तभी अचानक करंट प्रवाहित होने से वह नीचे गिर गया और मौके पर ही उसकी दम निकल गई।
परमिट के बावजूद चालू थी सप्लाई
रविवार को दोपहर करीब 2 बजे यह हादसा हुआ। स्थानीय फीडर के लाइनमैन नंदकिशोर भौतिक ने इस मामले में बताया कि मृतक डेनी धुर्वे ने कुडेला से लाइन बंद करने का परमिट लिया था, लेकिन मवई से बिजली सप्लाई चालू थी। कर्मचारियों को लगा कि लाइन पूरी तरह बंद है और इसी गलतफहमी में जैसे ही युवक खंभे पर चढ़ा, यह दुर्घटना हो गई।
हादसे के बाद बिजली विभाग के जेई राजकुमार कुशवाहा और स्थानीय पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मुआवजे और सख्त कार्रवाई की मांग
मृतक के भाई पवन धुर्वे ने बिजली विभाग के कर्मियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई हो और मृतक की पत्नी व बच्चों को उचित मुआवजा दिया जाए।
मवई थाना प्रभारी आरती टेकाम ने बताया कि पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। जांच के दौरान जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उस पर नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
