नगर पालिका नसीराबाद के आगामी चुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मियां अब तेज होती नजर आ रही हैं। नामांकन प्रक्रिया के साथ ही उपखंड कार्यालय में दावेदारों, उनके समर्थकों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं की आवाजाही बढ़ गई है। नगर पालिका के 20 वार्डों के नामांकन लिए गए हैं। ऐसे में चुनाव मैदान में उतरने के इच्छुक दावेदारों की बढ़ती संख्या ने स्थानीय राजनीति का माहौल पूरी तरह गरमा दिया है। नामांकन प्रक्रिया के तहत आवेदक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी एवं उपखंड अधिकारी कल्पित शिवरान के समक्ष अपने आवेदन प्रस्तुत किए। आवेदन पेश करने के दौरान प्रत्याशियों के साथ बड़ी संख्या में उनके समर्थक भी उपखंड कार्यालय पहुंचे। नगर पालिका नसीराबाद के महज 20 वार्डों के लिए इतने अधिक आवेदन लिए जाना इस बात का संकेत है कि चुनाव मैदान में उतरने को लेकर दावेदारों में खासा उत्साह है। हालांकि अंतिम रूप से कितने प्रत्याशी चुनाव मैदान में रहेंगे, यह नामांकन प्रक्रिया पूर्ण होने तथा नामांकन पत्रों की जांच एवं नाम वापसी के बाद स्पष्ट होगा। फिलहाल बड़ी संख्या में आवेदन सामने आने से प्रत्येक वार्ड में संभावित मुकाबले को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।नामांकन दाखिल करने पहुंचे दावेदारों के साथ उनके समर्थकों का उत्साह भी देखते ही बन रहा है। समर्थक अपने प्रत्याशियों के पक्ष में एकजुट होकर उपखंड कार्यालय तक पहुंचे। कई दावेदार अपनी राजनीतिक ताकत और जनसमर्थन का प्रदर्शन करने में भी पीछे नहीं है। इससे स्पष्ट है कि इस बार नगर पालिका चुनाव में टिकट की दौड़ से लेकर चुनावी मैदान तक कड़ा संघर्ष देखने को मिल सकता है। नामांकन के दौरान आवेदकों और समर्थकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन एवं पुलिस की ओर से सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उपखंड कार्यालय के मुख्य प्रवेश मार्ग के बाहर बैरिकेड्स लगाए गए हैं, ताकि अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और नामांकन प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संचालित हो। डीवाईएसपी लक्ष्मण राम, सिटी पुलिस थानाधिकारी करण सिंह, सदर पुलिस थानाधिकारी राधेश्याम चौधरी के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था संभाली गई है। पुलिसकर्मी उपखंड कार्यालय के आसपास तैनात हैं तथा प्रवेश एवं निकास व्यवस्था पर निगरानी रखी जा रही है। नामांकन दाखिल करने वाले प्रत्याशियों एवं उनके साथ आने वाले लोगों की आवाजाही को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार नियंत्रित किया जा रहा है, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
नसीराबाद पालिका चुनाव में टिकट की दौड़ तेज
आपणो राजस्थान
