देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल NEET की पुनः परीक्षा (Re-Exam) देकर बाहर निकले छात्रों के चेहरों पर राहत, तनाव और उम्मीद का मिला-जुला भाव देखने को मिला। एक बार परीक्षा देना ही युवाओं के लिए किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं होता, ऐसे में दोबारा परीक्षा देने का मानसिक दबाव छात्रों पर स्पष्ट रूप से नजर आया।परीक्षा के बाद छात्राओं ने बताया कि बायोलॉजी का सेक्शन अपेक्षाकृत आसान और संतुलित रहा, लेकिन फिजिक्स और केमिस्ट्री के प्रश्नों ने उन्हें काफी चुनौती दी। इन दोनों विषयों में पूछे गए सवाल घुमावदार, थ्योरिटिकल और लंबे थे, जिसके कारण पेपर का स्तर पिछली परीक्षा की तुलना में अधिक कठिन महसूस हुआ।
कुछ छात्रों ने विश्वास जताया कि कठिनाई के बावजूद उनका प्रदर्शन अच्छा रहा है और उन्हें अच्छे अंक मिलने की उम्मीद है। वहीं कई छात्राओं ने कहा कि उनका पिछला NEET पेपर अधिक बेहतर गया था, जबकि इस बार फिजिक्स और केमिस्ट्री के कठिन प्रश्नों की वजह से वे थोड़ी निराश हैं।परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों की भीड़ अपने बच्चों का इंतजार करती नजर आई। परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्रों ने एक-दूसरे से प्रश्नों पर चर्चा की और अपने अनुभव साझा किए। अब सभी की निगाहें परिणाम पर टिकी हैं, जो उनके मेडिकल करियर की दिशा तय करेगा।