पृथ्वीपुर थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के एक मामले में आरोपी बनाए गए 65 वर्षीय घनश्याम प्रजापति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। राजापुर के पास एक पुलिया पर अचेत मिलने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहरीला पदार्थ खाने से मौत होने की बात सामने आई है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
जमीन विवाद और हत्या की आशंका
मृतक के बेटे महेंद्र प्रजापति ने पिता की मौत के पीछे साजिश का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि घनश्याम की किसी से पुरानी जमीन को लेकर रंजिश चल रही थी। इसी विवाद के चलते उनकी हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
गौरतलब है कि पिछले महीने यानी 4 अक्टूबर को घनश्याम प्रजापति के खिलाफ थाने में दुष्कर्म का एक मामला दर्ज कराया गया था। पुलिस इसी शिकायत और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
पुलिस जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार
पृथ्वीपुर थाना प्रभारी गौरव राजोरिया ने बताया कि पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। विसरा और अन्य फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद मौत के असल कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हरसंभव साक्ष्य जुटाने में जुटी है।
