खंडवा के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में गुरुवार रात एक मरीज ने छलांग लगा दी। घटना से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, अस्पताल में भर्ती एक मरीज ने चौथी मंजिल से अचानक ऊंचाई से छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मरीज के गिरते ही अस्पताल स्टाफ और सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में घायल मरीज को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है। फिलहाल उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
मामले में जांच शुरु
मरीज का नाम परलाल पिता छगनलाल उम्र करीब 30 वर्ष निवासी बड़गांव माल बताया जा रहा है। वो मेडिकल कॉलेज अस्पताल के 403 नंबर वार्ड में भर्ती था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मरीज ने किस कारण से यह कदम उठाया, इसकी पड़ताल की जा रही है। अस्पताल प्रबंधन भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाने में लगा है। गौरतलब है कि मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
सुरक्षा पर उठे सवाल
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और मरीजों की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मरीज के परिजनों और अस्पताल स्टाफ से पूछताछ कर रही है। घटना के पीछे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। अस्पताल प्रशासन का पक्ष आना शेष है।
