राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) अजमेर में चार साल बाद स्थायी अध्यक्ष की नियुक्ति के साथ कार्यवाहक व्यवस्था का दौर खत्म हो गया है।  बोर्ड के नवनियुक्त स्थाई अध्यक्ष हनुमान सिंह राठौड़ ने अजमेर पहुंचकर अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। बोर्ड कार्यालय पहुंचने पर अधिकारियों, कर्मचारियों और मंत्रालयिक स्टाफ ने नए अध्यक्ष का स्वागत किया। इसी दौरान उनके स्वागत में कार्यालय परिसर में ढोल-नगाड़े बजाए गए, पुष्प वर्षा की गई साथ ही फूल-मालाएं पहनाकर उनका सम्मानपूर्वक अभिनंदन किया गया | कार्यभार संभालने से पहले हनुमान सिंह राठौड़ ने बोर्ड परिसर में स्थित शिव मंदिर में दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर सफलता का आशीर्वाद लिया। इसके बाद ठीक 11:55 बजे के निर्धारित शुभ मुहूर्त पर उन्होंने अपनी सीट पर बैठकर पदभार ग्रहण किया। इस ऐतिहासिक पल के दौरान उनका पूरा परिवार भी उनके साथ मौजूद रहा। पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद मीडिया से बातचीत करते हुए नवनियुक्त अध्यक्ष हनुमान सिंह राठौड़ ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट कर दिया। उन्होंने साफ कहा कि उनका मुख्य फोकस केवल परीक्षा परिणाम जारी करने पर नहीं, बल्कि शिक्षा की गुणवत्ता में व्यापक सुधार करने पर रहेगा। नए अध्यक्ष हनुमान सिंह राठौड़ ने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं के प्रश्नपत्र राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के अनुरूप तैयार किए जाएंगे। उनका उद्देश्य विद्यार्थियों में रटने की बजाय समझ और तार्किक सोच को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि राजस्थान बोर्ड की पाठ्यपुस्तकों को भी नए पाठ्यक्रम के अनुसार अपडेट किया जाएगा, जिसमें देश के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय मूल्यों को प्रमुखता दी जाएगी।
राठौड़ ने कहा कि नई शिक्षा नीति को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए शिक्षकों और मूल्यांकनकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे नए परीक्षा पैटर्न और शिक्षण प्रणाली को बेहतर तरीके से समझकर विद्यार्थियों तक पहुंचा सकें।