नदी के किनारे ढलता सूरज, समंदर की लहरों के बीच सुकून के पल और पार्टनर के साथ बिताने के लिए एक रोमांटिक माहौल—शादी के बाद हर कपल की हसरत एक परफेक्ट हनीमून डेस्टिनेशन चुनने की होती है. अगर आप भी इसी तलाश में हैं और पारंपरिक विकल्पों से हटकर कुछ नया एक्सप्लोर करना चाहते हैं, तो दुनिया के कुछ चुनिंदा देश कपल्स के बीच तेजी से पसंदीदा बनते जा रहे हैं.
पेरिस या मालदीव की भीड़भाड़ से दूर, ग्रीस से लेकर बहामास तक की ये जगहें आपके हनीमून को यादगार बना सकती हैं. आइए जानते हैं इन इंटरनेशनल डेस्टिनेशन की खासियत और वहां जाने से पहले किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है.
ग्रीस: इतिहास और समंदर का संगम
दक्षिणी यूरोप में बसा ग्रीस ऐतिहासिक स्मारकों, खूबसूरत तटों और अपने खानपान के लिए जाना जाता है. कपल्स के लिए यह डेस्टिनेशन एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है, जहां दुनिया के बेहतरीन बीच गिने जाते हैं.
यहां घूमने के लिए एथेंस का एक्रोपोलिस, अपोलो टेंपल, मेटियोरा और कार्फू का पुराना शहर जैसी वर्ल्ड फेमस जगहें मौजूद हैं. ऐतिहासिक धरोहरों के साथ-साथ यहां की नाइटलाइफ भी काफी पसंद की जाती है, जो ट्रिप को और रोमांचक बनाती है.
आइसलैंड: जन्नत जैसा अहसास और नॉर्दन लाइट्स
यदि आप ऐसी जगह की तलाश में हैं जहां प्रकृति अपने सबसे खूबसूरत रूप में नजर आए, तो आइसलैंड का रुख किया जा सकता है. यूरोप के इस देश में शांत कैफे, शानदार नाइटलाइफ और खूबसूरत बीच कपल्स को एक अच्छा माहौल देते हैं.
इस देश की सबसे बड़ी खासियत यहां दिखने वाली 'नॉरदन लाइट्स' (Aurora Borealis) है. यह एक प्राकृतिक घटना है, जिसके दौरान आसमान का रंग हरे, गुलाबी और बैंगनी रंगों में बदल जाता है. इस नजारे को देखने के लिए दुनियाभर से सैलानी पहुंचते हैं.
हवाई आईलैंड: समंदर और जंगलों का रोमांच
हवाई आईलैंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, शांति और रोमांटिक वाइब के लिए जाना जाता है. यहां के सुपर रोमांटिक बीचेस और घने जंगल हनीमून को यादगार बनाने के लिए काफी हैं.
प्रकृति प्रेमियों के लिए यह जगह इसलिए भी खास है क्योंकि यहां एक्टिव ज्वालामुखी भी देखने को मिलते हैं, जो इस ट्रिप में एडवेंचर का तड़का लगाते हैं.
बहामास: अगर बजट की कोई पाबंदी नहीं है
जो जोड़े हनीमून के लिए एक बड़ा बजट लेकर चल रहे हैं, उनके लिए कैरेबियन देश बहामास एक शानदार विकल्प है. अन्य डेस्टिनेशंस की तुलना में यह काफी महंगा है, लेकिन यहां बिताए गए पल बेहद खास होते हैं.
सनबाथ लेने के लिए यहां के तटों को दुनिया में बेहतरीन माना जाता है. पार्टनर के साथ हार्बर आइलैंड, पिग बीच और पैराडाइज आइलैंड को एक्सप्लोर किया जा सकता है.
ट्रिप पर निकलने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
किसी भी अंतरराष्ट्रीय यात्रा की योजना बनाते समय कुछ जरूरी तैयारियां पहले ही पूरी कर लेनी चाहिए ताकि ऐन वक्त पर किसी परेशानी का सामना न करना पड़े:
- पासपोर्ट और वीजा से जुड़े सभी दस्तावेज सबसे पहले तैयार रखें.
- चुने गए देश के मौसम और संस्कृति के बारे में पहले से रिसर्च कर लें.
- भारतीय करेंसी को संबंधित देश की लोकल करेंसी या इंटरनेशनल फॉरेक्स कार्ड में समय से बदलवा लें.
