दिल्ली-NCR में लगातार बढ़ते प्रॉपर्टी के दामों के बीच खरीदार अब बेहतर कनेक्टिविटी वाले दूसरे शहरों का रुख कर रहे हैं। अगर आप भी राजधानी से कुछ दूरी पर घर खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद (UPAVP) की ई-नीलामी आपके लिए एक विकल्प हो सकती है। अथॉरिटी ने मुरादाबाद शहर में अपने फ्लैट बेचने के लिए ऑनलाइन नीलामी प्रक्रिया शुरू की है।
परिषद के पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, मुरादाबाद के लाजपत नगर इलाके में कुल 9 फ्लैट ई-नीलामी के जरिए बेचे जा रहे हैं। ये सभी रेडी-टू-म्यूज़ मिनी HIG फ्लैट हैं, जो इमारत की पहली मंजिल पर स्थित हैं। इन संपत्तियों के लिए शुरुआती रिजर्व प्राइस करीब 30.53 लाख रुपये तय किया गया है।
लाजपत नगर योजना में हैं फ्लैट
UPAVP की सूची के अनुसार, मुरादाबाद की लाजपत नगर योजना परिषद के बरेली जोन के अंतर्गत आती है। यहां जो मिनी HIG फ्लैट बिक्री के लिए उपलब्ध हैं, वे निर्माण के लिहाज से पूरी तरह तैयार हैं। यानी खरीदार को पजेशन मिलते ही वहां रहने या शिफ्ट होने में किसी अतिरिक्त निर्माण कार्य की जरूरत नहीं पड़ेगी।
इन संपत्तियों में F-21, F-23, F-26 और F-27 सबसे कम शुरुआती कीमत वाले फ्लैटों में गिने जा रहे हैं। इनमें से प्रत्येक फ्लैट का क्षेत्रफल 48.91 वर्ग मीटर यानी करीब 526 वर्ग फीट है, जिसके लिए 30.53 लाख रुपये का रिजर्व प्राइस तय किया गया है। इसके अलावा कुछ अन्य फ्लैटों का साइज 60.48 वर्ग मीटर यानी लगभग 651 वर्ग फीट तक है।
भुगतान के दो विकल्प और छूट
आवास विकास परिषद के नियमों के तहत ये संपत्तियां फ्रीहोल्ड आधार पर बेची जा रही हैं, जिससे खरीदार को सीधा मालिकाना हक मिलेगा। भुगतान के लिए परिषद ने दो तरह की सुविधाएं दी हैं:
- एकमुश्त भुगतान पर छूट: यदि कोई खरीदार अलॉटमेंट लेटर जारी होने के 60 दिनों के भीतर पूरी राशि एक साथ जमा कर देता है, तो उसे भवन की कुल कीमत पर 2% की सीधी छूट मिलेगी।
- 10 साल तक की किस्तें: खरीदार चाहें तो 30 लाख से 37 लाख रुपये तक की इन संपत्तियों की कीमत का भुगतान 120 मासिक किस्तों यानी 10 साल में भी कर सकते हैं। इस श्रेणी के विकल्पों पर 11.5% सालाना की दर से साधारण ब्याज लागू होगा।
दोबारा ई-नीलामी की तारीखें
जिन संपत्तियों के लिए नीलामी के दौरान केवल एक ही बोली प्राप्त होगी, उनके लिए परिषद दोबारा ई-नीलामी आयोजित करेगा। ऐसी संपत्तियों के लिए 7 नवंबर से 26 नवंबर 2026 के बीच रजिस्ट्रेशन कराया जा सकेगा, जबकि दोबारा ई-नीलामी की तारीख 27 नवंबर 2026 तय की गई है।
बोली लगाने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
अथॉरिटी की ई-नीलामी में हिस्सा लेने से पहले कुछ जरूरी बातों की पड़ताल करना समझदारी होगी। बोली लगाने से पहले प्रॉपर्टी पर खुद जाकर उसकी वास्तविक स्थिति, लोकेशन, बिजली और पानी की व्यवस्था की जांच जरूर कर लें। साथ ही, यह स्पष्ट कर लें कि बताया गया क्षेत्रफल कारपेट एरिया है या बिल्ट-अप एरिया।
इसके अलावा, सिर्फ रिजर्व प्राइस को ही फाइनल कीमत न समझें। यह वह न्यूनतम मूल्य है जहां से बोली की शुरुआत होगी। अपने बजट का आकलन करते समय बेस प्राइस के साथ-साथ स्टांप ड्यूटी, रजिस्ट्री शुल्क, ट्रांसफर चार्ज और मेंटेनेंस खर्चों को भी पहले से जोड़कर रखें। यदि आप होम लोन लेने का विचार कर रहे हैं, तो नीलामी प्रक्रिया में उतरने से पहले अपने बैंक से अप्रूवल और समय सीमा की पुष्टि जरूर कर लें।
