लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गाँधी चार्टर विमान से कोटा पहुंचेंगे जहां वह नीट, पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत करेंगे। पहले उनका ट्रेन से आने का कार्यक्रम था, लेकिन बाद में सुरक्षा और समय प्रबंधन को देखते हुए चार्टर विमान से यात्रा का निर्णय लिया गया। राहुल गांधी बुधवार शाम करीब 6 बजे तक कोटा पहुंचेंगे और दशहरा मैदान स्थित श्रीराम रंगमंच पर आयोजित छात्र-युवा संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत म्यूजिक कॉन्सर्ट से होगी, जिसके बाद वे छात्रों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे।
राहुल गांधी अपने संबोधन में परीक्षा प्रणाली में सुधार, नीट परीक्षा का विकेंद्रीकरण, परीक्षा शुल्क समाप्त करने, पेपर लीक गिरोहों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और परीक्षा प्रक्रिया में जवाबदेही तय करने जैसे मुद्दे उठाएंगे। वही आपको बता दे राहुल गाँधी के दौरे को लेकर कांग्रेस ने बड़े स्तर पर तैयारियां की हैं और प्रदेशभर से नेताओं व कार्यकर्ताओं का कोटा में जमावड़ा लगा रहने की संभावना जताई जा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Govind Singh Dotasra और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव Sachin Pilot समेत कई वरिष्ठ नेता कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं राहुल गांधी के दौरे से पहले कोटा की राजनीति भी चरम पर है, जहां पोस्टर-बैनर हटाने को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। कांग्रेस का दावा है कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र शामिल होंगे, जिससे यह आयोजन प्रदेश की राजनीति और युवा मुद्दों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
