ई-मित्र वॉट्सऐप सेवा का दायरा बढ़ा, अब घर बैठे मिलेंगी 72 सरकारी सुविधाएं

राजस्थान सरकार ने डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा देते हुए नागरिकों को घर बैठे सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है। राज्य सरकार की ई-मित्र वॉट्सऐप सेवा का दायरा बढ़ाते हुए इसमें जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड और स्वायत्त शासन विभाग की 21 नई सेवाएं शामिल कर दी गई हैं। पहले चरण में इस प्लेटफॉर्म पर 51 सरकारी सेवाएं उपलब्ध थीं, लेकिन अब नई सेवाओं के जुड़ने के बाद नागरिकों को कुल 72 सरकारी सेवाओं का लाभ सीधे व्हाट्सऐप के माध्यम से मिल सकेगा। इससे लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों या ई-मित्र केंद्रों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी और समय के साथ-साथ खर्च की भी बचत होगी। सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के विशिष्ट सचिव एवं आयुक्त हिमांशु गुप्ता ने बताया कि राज्य सरकार का उद्देश्य डिजिटल तकनीक के माध्यम से नागरिकों तक पारदर्शी, त्वरित और सहज सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि अब तक 1.40 लाख से अधिक बार नागरिक इस प्लेटफॉर्म के जरिए विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ उठा चुके हैं, जो इस पहल की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है। सरकार का मानना है कि ई-मित्र वॉट्सऐप सेवा के विस्तार से डिजिटल सेवाओं की पहुंच और मजबूत होगी वही आम नागरिकों को सरकारी प्रक्रियाओं में अधिक सुविधा मिलेगी तथा ‘ईज ऑफ लिविंग’ और ‘डिजिटल राजस्थान’ के लक्ष्य को भी गति मिलेगी।