नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी रजनीकांत स्टारर 'जेलर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर रफ्तार पकड़ते हुए महज 6 दिनों में दुनियाभर में 542 करोड़ रुपए का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। इसके साथ ही यह फिल्म साल 2026 की तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है।
15 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में उतरी इस एक्शन ड्रामा ने अपनी रिलीज के साथ ही टिकट खिड़की पर मजबूत पकड़ बना ली है। सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, छठे दिन फिल्म ने देश भर में 45.55 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन दर्ज किया। इसमें सबसे बड़ा हिस्सा तमिल वर्जन का रहा, जिससे 32.10 करोड़ रुपए की कमाई हुई। इसके अलावा तेलुगु से 8.85 करोड़, हिंदी से 5.25 करोड़ और कन्नड़ वर्जन से 60 लाख रुपए का कारोबार हुआ।
घरेलू और ओवरसीज आंकड़े
इस शानदार प्रदर्शन के बाद फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 289.05 करोड़ रुपए और ग्रॉस कलेक्शन 338.45 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। वहीं, विदेशी बाजारों में भी फिल्म का प्रदर्शन मजबूत बना हुआ है। छठे दिन ओवरसीज मार्केट में 10 करोड़ रुपए की कमाई के साथ कुल अंतरराष्ट्रीय ग्रॉस कलेक्शन 204 करोड़ रुपए हो गया है।
अब दुनियाभर में कुल कमाई 542 करोड़ रुपए के आंकड़े को पार कर चुकी है। फिल्म का निर्माण सन पिक्चर्स ने किया है, और यह 2023 की ब्लॉकबस्टर 'जेलर' का सीक्वल है, जिसमें रजनीकांत ने एक बार फिर टाइगर मुथुवेल पांडियन की भूमिका निभाई है।
दूसरे पायदान पर पहुंचने की तैयारी
‘जेलर 2’ की कमाई की रफ्तार को देखते हुए यह अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ को पीछे छोड़कर जल्द ही दूसरे नंबर पर काबिज हो सकती है। फिलहाल 'दृश्यम 3' 556.22 करोड़ रुपए के वर्ल्डवाइड कलेक्शन के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' 1,813.39 करोड़ रुपए की कमाई के साथ पहले नंबर पर है। दोनों फिल्मों के बीच का फासला अब काफी कम रह गया है।
रजनीकांत का रिकॉर्ड
इस फिल्म की सफलता के साथ ही रजनीकांत ने अपने नाम एक और बड़ा रिकॉर्ड दर्ज कर लिया है। वे दुनियाभर में 500 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई करने वाली चार फिल्में देने वाले तमिल सिनेमा के इकलौते अभिनेता बन गए हैं।
इससे पहले एस. शंकर के निर्देशन में 2018 में आई साइंस फिक्शन फिल्म ‘2.0’ (उनकी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म), 2023 की ‘जेलर’ और 2025 में लोकेश कनगराज की निर्देशित ‘कुली’ भी 500 करोड़ क्लब में शामिल हो चुकी हैं।
