राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से एलडीसी कनिष्ठ सहायक संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा-2026 के दूसरे चरण की परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। फेज-II के तहत अभ्यर्थियों को कंप्यूटर पर हिंदी और अंग्रेजी में टाइपिंग स्पीड और दक्षता परीक्षण देना होगा। यह परीक्षा 21 से 24 दिसंबर के अलावा 26, 28 और 29 दिसंबर को ऑनलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। लिखित परीक्षा में सफल होने वाले करीब 30,000 से अधिक अभ्यर्थी इस चरण में शामिल होंगे।
आरएसएसबी के तय कार्यक्रम के अनुसार, कंप्यूटर आधारित इस परीक्षा में कुल चार भाग होंगे। इसमें हिंदी टाइपिंग स्पीड, अंग्रेजी टाइपिंग स्पीड, हिंदी दक्षता परीक्षण और अंग्रेजी दक्षता परीक्षण शामिल हैं। प्रत्येक भाग के लिए 25-25 अंक और 10-10 मिनट का समय तय किया गया है, जिससे पूरे चरण के अंकों का कुल योग 100 बनता है। बोर्ड के दिशा-निर्देशों के मुताबिक, चारों भागों में अलग-अलग न्यूनतम अंक हासिल करना अनिवार्य किया गया है।
परीक्षा का पैटर्न और अंकगणित
टाइपिंग टेस्ट के दौरान कंप्यूटर स्क्रीन पर अभ्यर्थियों को एक तय पैराग्राफ दिया जाएगा। अंग्रेजी के लिए 500 शब्दों और हिंदी के लिए 400 शब्दों का पैराग्राफ रहेगा, जिसे 10-10 मिनट में टाइप करना होगा।
अंकों के निर्धारण के लिए बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि अंग्रेजी में प्रत्येक सही शब्द पर 0.05 अंक और हिंदी में प्रत्येक सही शब्द पर 0.0625 अंक मिलेंगे। टाइपिंग के दौरान गलत वर्ण, शब्द या अंक टाइप करने पर या कोई शब्द छूटने पर उन गलतियों के अंक नहीं काटे जाएंगे बल्कि सही शब्दों के आधार पर मूल्यांकन होगा। हालांकि, बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि गति के साथ-साथ शुद्धता पर पूरा ध्यान देना होगा।
न्यूनतम अंकों का पैमाना और छूट
प्रत्येक भाग में पास होने के लिए अभ्यर्थियों को 25 में से न्यूनतम 9 अंक प्राप्त करने होंगे। यह नियम हिंदी स्पीड, अंग्रेजी स्पीड, हिंदी दक्षता और अंग्रेजी दक्षता — चारों पर अलग-अलग लागू होगा।
बोर्ड ने आरक्षित वर्ग के लिए राहत का प्रावधान भी रखा है। इसके तहत अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के अभ्यर्थियों को प्रत्येक भाग के न्यूनतम अंकों में 5 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी।
मॉक टेस्ट का लिंक और अभ्यास सुविधा
कंप्यूटर आधारित परीक्षा की प्रक्रिया से अभ्यर्थियों को रूबरू कराने के लिए बोर्ड ने मॉक टेस्ट की व्यवस्था की है। परीक्षा से लगभग 15 दिन पहले आरएसएसबी की आधिकारिक वेबसाइट पर मॉक टेस्ट का लिंक एक्टिवेट किया जाएगा।
इस लिंक की मदद से अभ्यर्थी ऑनलाइन टाइपिंग इंटरफेस, स्क्रीन पर पैराग्राफ देखने और तय समय सीमा में टेस्ट पूरा करने का अभ्यास कर सकेंगे। बोर्ड ने सभी पात्र अभ्यर्थियों को इस सुविधा का लाभ उठाने की सलाह दी है।
10,644 पदों के लिए हुई थी परीक्षा
इस भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत इसी साल जनवरी में हुई थी, जब बोर्ड ने कुल 10,644 पदों पर एलडीसी भर्ती का विज्ञापन निकाला था। इसके लिए 5.81 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था।
बीती 5 जुलाई को आयोजित लिखित परीक्षा में करीब 4.45 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे। लिखित परीक्षा का परिणाम आने के बाद अब चयन प्रक्रिया के अगले और अंतिम चरण के रूप में टाइपिंग और दक्षता टेस्ट दिसंबर में कराया जा रहा है।
