दीपावली से ठीक पहले सागर पुलिस ने अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री और पटाखों का भंडारण करने वालों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मोतीनगर थाना क्षेत्र के धर्माश्री इलाके में एक रिहायशी मकान पर पुलिस ने छापा मारकर करीब 9 लाख रुपये कीमत के पटाखे बरामद किए हैं। मोतीनगर थाने की यह इस त्योहारी सीजन में दूसरी बड़ी कार्रवाई है।
पुलिस के मुताबिक, आवासीय कॉलोनी के बीच बने इस मकान में कुल 29 कार्टूनों में अलग-अलग किस्म के पटाखे छिपाकर रखे गए थे। जिस घर में यह स्टॉक मिला, वहां आरोपी परिवार के साथ रहता है। खास बात यह है कि मकान के ठीक पास ही एक बिजली का ट्रांसफार्मर लगा हुआ था, जिससे किसी भी वक्त बड़ा हादसा हो सकता था। इस मामले में पुलिस ने मकान मालिक रोशन केशरवानी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस का छापा
स्थानीय पुलिस को मुखबिर के जरिए यह जानकारी मिली थी कि धर्माश्री के पास एक रहवासी मकान में भारी मात्रा में अवैध पटाखे डंप किए गए हैं। इनपुट मिलते ही मोतीनगर थाने की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर तलाशी ली। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने बिना किसी लाइसेंस के यह पूरा स्टॉक जुटाया था और इसका मकसद दीपावली के मौके पर बाजार में अवैध रूप से बिक्री करना था।
जिले में अब तक 8 से 10 बड़ी कार्रवाई
सागर जिले में अवैध पटाखों के खिलाफ चल रहे इस विशेष अभियान के तहत पुलिस अब तक करीब 8 से 10 ठिकानों पर छापे मार चुकी है। सीएसपी ललित कश्यप ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा नियमों को ताक पर रखकर घनी बस्तियों में विस्फोटक सामग्री का भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने और इस तरह के अवैध कारोबार की सूचना देने के लिए पुलिस विभाग ने एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। नागरिक 7701055235 पर कॉल करके अवैध भंडारण से जुड़ी जानकारी दे सकते हैं।
