नवलगढ़ शहर में करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से बनी सीवरेज व्यवस्था अब लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनती जा रही है। वार्ड नंबर 26 और 27 में सीवरेज चैंबर ओवरफ्लो होने से गंदा पानी और सीवर का मल-मूत्र घरों के बाथरूम तक पहुंच रहा है। हालात ऐसे हैं कि लोग बदबू के कारण घर में आराम से खाना तक नहीं खा पा रहे हैं और कई परिवारों को मुंह पर कपड़ा या मास्क लगाकर रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि नवलगढ़ में सीवरेज व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है। मानसून शुरू होने से पहले ही चैंबर भरकर ओवरफ्लो हो रहे हैं और गंदगी घरों में लौट रही है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो बारिश के दौरान हालात और भी गंभीर हो सकते हैं।क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद नगर पालिका की ओर से कोई स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा। उनका कहना है कि नगर पालिका समस्या के समाधान की बजाय सीवरेज ठेकेदारों की पैरवी करने में लगी हुई है, जबकि आमजन गंभीर परेशानी झेल रहे हैं।स्थानीय निवासी अब्दुल रशीद ने बताया कि पिछले तीन महीनों से उनका परिवार लगातार इस समस्या से जूझ रहा है। उन्होंने कहा, "नगर पालिका को कई बार शिकायत दी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। सीवरेज ठेकेदार फोन तक नहीं उठाते। हर बार सिर्फ आश्वासन मिलता है, काम नहीं होता। घर में इतनी बदबू रहती है कि खाना तक नहीं खा पाते।"