मंगलवार को शाजापुर कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गिरवर गांव के रहने वाले एक युवक ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। वहां मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसके हाथ से माचिस छीन ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
यह पूरी घटना कलेक्ट्रेट परिसर में चल रही साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान हुई। पीड़ित युवक की पहचान दुर्गेश मालवीय के रूप में हुई है, जिसने मौके पर ही आत्मदाह की चेतावनी दी थी।
जमीन के पट्टे को लेकर पारिवारिक विवाद
दुर्गेश मालवीय का आरोप है कि उसके पिता के नाम पर पट्टे की जमीन आवंटित है, जिस पर एक कच्चा मकान बना हुआ है। पिता के निधन के बाद से इस जमीन के बंटवारे को लेकर उसकी बुआ के साथ विवाद चला आ रहा है।
युवक का कहना है कि उसकी बुआ उसे कानूनी रूप से उसके हिस्से की जमीन पर निर्माण नहीं करने दे रही हैं। इसी पारिवारिक कलह और न्याय न मिलने की शिकायत लेकर वह जनसुनवाई में पहुंचा था, जहां उसने यह कदम उठाया।
एसडीएम और पुलिस की समझाइश
घटना की भनक लगते ही एसडीएम तुरंत मौके पर पहुंचे और युवक से बातचीत कर उसकी समस्या सुनी। इसके बाद सुरक्षा के लिहाज से दुर्गेश को पुलिस अधीक्षक कार्यालय भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला ने इस मामले पर बताया कि युवक को लालघाटी थाने ले जाया गया, जहां अधिकारियों ने उसे काउंसलिंग दी। पुलिस ने उसे भविष्य में इस तरह का कोई भी खतरनाक कदम उठाने से सख्त परहेज करने की सलाह दी है।
