शाजापुर जिले के लालघाटी थाना क्षेत्र के काशी नगर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ किराए के मकान में रहने वाले 26 वर्षीय युवक ने पारिवारिक विवाद के बीच जीवन लीला समाप्त कर ली। शुरुआती जांच में घरेलू कलह को मुख्य वजह माना जा रहा है।
लालघाटी थाने के सब-इन्स्पेक्टर अंकित इटावादिया के मुताबिक, मृतक की पहचान 26 वर्षीय ब्रज सिंह के रूप में हुई है। ब्रज सिंह की शादी इसी साल 26 अप्रैल को यानी करीब छह महीने पहले ही हुई थी। पिछले कुछ दिनों से परिवार में लगातार विवाद चल रहा था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया।
शराब के साथ खाया जहर
काशी नगर स्थित किराए के मकान में ब्रज सिंह ने शराब की बोतल के साथ जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इससे उसकी तबीयत अचानक गंभीर हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही लालघाटी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में पीएम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या के पीछे के अन्य सभी संभावित पहलुओं की गहराई से पड़ताल की जा रही है ताकि वास्तविक कारणों का पूरी तरह खुलासा हो सके।
