मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को शाजापुर जिले के रथभंवर पहुंचे। यहां कुलमानखेड़ी और रथभंवर क्षेत्र में चल रहे हिरण और नीलगाय के रेस्क्यू अभियान का निरीक्षण करने पहुंचे मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से मैदानी हालात की जानकारी ली।
हेलीपैड पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनकी अगवानी की। इसके बाद वे सीधे उस क्षेत्र में पहुंचे जहां दक्षिण अफ्रीका से आई वन्यजीव विशेषज्ञों की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।
'बम पद्धति' से वन्यजीवों को सुरक्षित निकालने की कवायद
शाजापुर के कुलमानखेड़ी और रथभंवर जंगलों में इन दिनों हिरण और नीलगाय को सुरक्षित स्थान पर ले जाने का विशेष अभियान चल रहा है। इस पूरी प्रक्रिया में दक्षिण अफ्रीका के विशेषज्ञों की टीम खास 'बम पद्धति' का इस्तेमाल कर रही है।
मुख्यमंत्री ने इस तकनीकी पद्धति की प्रगति का जायजा लिया और मौके पर मौजूद अधिकारियों से अभियान के अब तक के परिणामों पर चर्चा की। इस दौरान वन्यजीवों को बिना नुकसान पहुँचाए सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करने के निर्देशों की भी समीक्षा की गई।
