शहडोल जिले के अंतिम छोर पर स्थित पपौंध क्षेत्र की ग्राम पंचायत निपनिया का ढोलबजा आदिवासी मोहल्ला पिछले तीन महीनों से बिजली विहीन है। ट्रांसफार्मर फुंके होने के कारण स्थानीय परिवार अंधेरे में जीवन गुजार रहे हैं। लंबे समय से आपूर्ति ठप रहने से बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा के कामकाज पर गहरा असर पड़ा है।
पानी और पढ़ाई का संकट
स्थानीय लोगों के मुताबिक, ट्रांसफार्मर न होने से इलाके में जलापूर्ति भी बाधित हो गई है। घरों में रोशनी न होने से छात्र-छात्राओं की पढ़ाई पूरी तरह रुक गई है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग के दफ्तर में कई बार गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
शिकायत करने पर विभाग के कर्मचारियों द्वारा पैसे मांगने के गंभीर आरोप भी सामने आए हैं। अधिकारियों की उदासीनता से नाराज ग्रामीणों का सब्र अब जवाब दे चुका है।
दो दिन का अल्टीमेटम
स्थिति से त्रस्त ग्रामीणों ने बिजली विभाग को दो दिनों की मोहलत दी है। चेतावनी दी गई है कि यदि तय समयसीमा के भीतर नया ट्रांसफार्मर स्थापित नहीं किया गया, तो ग्रामीण एकजुट होकर बिजली कार्यालय का घेराव करेंगे।
स्थानीय निवासी रानिया कोल, मुकुंदी कोल और चंदू कोल ने विभाग की कार्यशैली पर रोष जताते हुए कहा कि सरकारी दावों के बावजूद उन्हें बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है। मामले को लेकर अब स्थानीय प्रशासन और बिजली कंपनी के अधिकारियों पर दबाव बढ़ गया है।
