इंस्टाग्राम पर दोस्ती से शुरू हुआ रिश्ता ब्लैकमेलिंग और शोषण के गंभीर आरोपों तक पहुँच गया है। शहडोल जिले की केशवाही चौकी क्षेत्र में रहने वाली 23 वर्षीय छात्रा ने अपने प्रेमी पर शादी का झांसा देकर लगातार शारीरिक संबंध बनाने और तीन बार गर्भपात कराने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी कनिष्क सिंह उर्फ छोटू को दबोच लिया है।
इंस्टाग्राम पर हुई थी पहचान
बुढार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली केशवाही चौकी क्षेत्र की यह घटना है। पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, 2023 में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए दोनों की जान-पहचान हुई थी। यह संपर्क धीरे-धीरे आगे बढ़ा और जनवरी 2024 में दोनों प्रेम संबंध में बंध गए।
पीडिता का आरोप है कि इसी रिश्ते का फायदा उठाते हुए युवक ने भविष्य में विवाह करने का भरोसा दिया और कई बार शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान जब युवती गर्भवती हुई, तो आरोपी ने उसे गर्भपात की गोलियां खिला दीं। पीड़िता के अनुसार, इस प्रकार तीन अलग-अलग मौकों पर उसका गर्भपात कराया गया।
वीडियो वायरल करने की धमकी और ब्लैकमेलिंग
रिश्ते में खटास आने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर युवती के निजी पलों के वीडियो बना लिए थे। इन अश्लील वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने और जान से मारने की धमकी देकर उस पर दबाव बनाया जाने लगा। परेशान होकर युवती ने महिला थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और चैट के आधार पर तुरंत एक्शन लिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहडोल अभिषेक दिवान के मुताबिक, पीड़िता की शिकायत पर महिला थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया था।
आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
मामले की गंभीरता को देखते हुए बुढार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कनिष्क सिंह उर्फ छोटू को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को स्थानीय न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की जाँच जारी है।
