राजधानी शिमला के डीसी कार्यालय परिसर में शुक्रवार को एक अजीबोगरीब वाकया सामने आया। एक बंदर बैंक में नकदी जमा कराने जा रहे व्यक्ति के हाथ से 81,800 रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गया। इसके बाद जानवर सीधे पास के पेड़ पर जा चढ़ा और एक-एक नोट निकालकर नीचे फेंकने लगा।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से वहां अफरातफरी मच गई। अपनी गाढ़ी कमाई को इस तरह हवा में बिखरता देख पीड़ित व्यक्ति के होश उड़ गए। उसने तुरंत आसपास मौजूद लोगों और दफ्तर के कर्मचारियों की मदद ली।
लोगों की मदद से जोड़े गए नोट
भीड़ और कर्मचारियों के सहयोग से पीड़ित ने जमीन पर गिरे नोटों को समेटना शुरू किया। लोगों ने बंदर से बैग वापस लेने का भी प्रयास किया, लेकिन वह पेड़ की ऊंची डालियों पर ही डटा रहा और नोट गिराता रहा।
पीड़ित के मुताबिक, लोगों की मुस्तैदी से ज्यादातर रकम सुरक्षित मिल गई, लेकिन कुल नुकसान से बचा नहीं जा सका। कुल राशि में से करीब 1,500 रुपये का पता नहीं चल पाया है। इसके अलावा, बंदर ने 500-500 रुपये के कई नोटों को फाड़कर पूरी तरह नष्ट कर दिया।
प्रशासनिक परिसरों तक पहुंचा बंदरों का आतंक
शिमला शहर में बंदरों और लंगूरों का उत्पात कोई नया नहीं है। स्थानीय नागरिकों और सैलानियों को आए दिन खाने-पीने की वस्तुएं छिनने की शिकायतें रहती हैं।
अब तक जानवरों द्वारा खाने-पीने का सामान छीनने के मामले सामने आते थे, लेकिन मुख्य प्रशासनिक परिसर के भीतर नकदी पर हाथ साफ करने की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
