भारतीय जनता पार्टी की सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत की मुश्किलें हिमाचल प्रदेश में बढ़ गई हैं। सोनिया गांधी और गांधी परिवार को लेकर सोशल मीडिया पर की गई एक टिप्पणी के मामले में शिमला के बालूगंज थाने में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
यह कार्रवाई सेवानिवृत्त कैप्टन अतुल शर्मा की शिकायत के आधार पर की गई है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की तीन धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला और शिकायत की वजह
शिकायतकर्ता अतुल शर्मा का आरोप है कि मंडी से लोकसभा सांसद कंगना रनौत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो क्लिप शेयर करते हुए गांधी परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। शिकायत में कहा गया है कि यह पोस्ट भ्रामक और भड़काऊ थी, जिससे समाज में तनाव पैदा हो सकता है और सार्वजनिक शांति प्रभावित होने का खतरा है।
बालूगंज पुलिस ने इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बीएनएस की धारा 196(1)(b), 353(2) और 356(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है और उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी।
किस वीडियो को लेकर विवाद
विवादित पोस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से जुड़ा एक पुराना वीडियो शेयर किया गया था, जिसमें गांधी परिवार के सदस्य एक डाइनिंग टेबल के पास नजर आ रहे हैं। इसी वीडियो के साथ की गई टिप्पणी को लेकर यह शिकायत दर्ज कराई गई है। फिलहाल पुलिस मामले के तकनीकी पहलुओं और सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता की पड़ताल कर रही है।
