सीकर के खाटूश्यामजी में रविवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पार्टी कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद किया। आगामी पंचायत चुनावों को लेकर उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रिय रहने और जनता का भरोसा जीतने का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल चुनाव के समय सक्रिय रहने वाली पार्टी नहीं है, बल्कि यह साल के 365 दिन जनता के सुख-दुख में साथ रहने वाले समर्पित कार्यकर्ताओं का संगठन है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि देश को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। इसी संकल्प के साथ राज्य में डबल इंजन सरकार काम कर रही है।
गांवों के विकास के लिए ग्राम विकास संकल्प पत्र
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि वे हर गांव और ढाणी तक पहुंचें। ग्रामीणों की उम्मीदों को समझें और यह सुनिश्चित करें कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
उन्होंने बताया कि गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए पंचायत चुनाव में ग्राम विकास संकल्प पत्र जारी किया गया है। इसमें समाज के हर वर्ग के उत्थान और बुनियादी जरूरतों को पूरा करने का पूरा खाका तैयार किया गया है। कार्यकर्ताओं से अपील की गई कि वे अपनी ऊर्जा और अनुशासन के बल पर इस संकल्प पत्र को घर-घर तक पहुंचाएं।
शेखावाटी के रुके प्रोजेक्ट और पानी के समझौते
शेखावाटी क्षेत्र के विकास पर बात करते हुए सीएम ने कहा कि सरकार ने कार्यभार संभालते ही दशकों से अटके पड़े प्रोजेक्ट्स को गति दी है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में देश भर में हुए 10 बड़े जल समझौतों में से 4 का सीधा लाभ राजस्थान को मिल रहा है।
इनमें राम जल सेतु लिंक समझौते के साथ-साथ शेखावाटी के लिए 30 साल से ठंडे बस्ते में पड़े यमुना और किशाऊ जल समझौते शामिल हैं। यमुना का पानी 295 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन के जरिए शेखावाटी पहुंचेगा, जबकि किशाऊ समझौते से इस इलाके को सालभर पानी की उपलब्धता सुनिश्चित होगी।
निकाय चुनावों की तर्ज पर जीत का लक्ष्य
सीएम ने स्थानीय निकाय चुनावों के परिणामों का हवाला देते हुए कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। प्रदेश के कुल 204 निकायों में भाजपा ने अपना बोर्ड बनाकर ऐतिहासिक सफलता हासिल की थी।
उन्होंने कहा कि यह जनादेश सरकार की नीतियों और विकास कार्यों पर जनता की मुहर है। इस दौरान स्थानीय विधायक, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
