IRCTC की नई वेबसाइट जल्द लॉन्च आसान और तेज होगी रेल टिकट बुकिंग; हटेंगे पॉप-अप और कम होंगे स्टेप्स
रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी है.. टिकट बुकिंग का अनुभव जल्द ही पहले से ज्यादा आसान और तेज होने वाला है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) अपनी नई वेबसाइट का बीटा वर्जन लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है। पहले इस नए वर्जन की टेस्टिंग की जाएगी और यात्रियों से मिले फीडबैक के आधार पर इसे सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। रेलवे सूचना प्रणाली केंद्र (CRIS) ने जयपुर स्थित मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNIT) के छात्रों को नई वेबसाइट का बीटा वर्जन दिखाकर उनकी राय भी मांगी है।
नई वेबसाइट के अंदर उन समस्याओं को दूर करने पर काम किया गया है, जिनकी शिकायत यात्री लंबे समय से करते आ रहे हैं। टिकट बुकिंग के दौरान बार-बार कैप्चा भरने, अनावश्यक पॉप-अप आने, कई चरणों में प्रक्रिया पूरी करने और तत्काल टिकट के समय वेबसाइट धीमी होने जैसी परेशानियों को कम करने की कोशिश की गई है। नई वेबसाइट में सीट उपलब्धता को ज्यादा आसान तरीके से देखा जा सकेगा और टिकट बुकिंग के स्टेप्स भी कम किए जाएंगे, जिससे यात्रियों का समय बच सकेगा
इसके अलावा बार-बार यात्रा करने वाले यात्रियों को हर बार नाम, उम्र और अन्य जानकारी दर्ज करने की जरूरत नहीं होगी। उनकी जरूरी डिटेल अगली बुकिंग के लिए उपलब्ध रहेगी। रेलवे के मुताबिक, नई वेबसाइट को नए पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) से जोड़ा जा रहा है, जिससे टिकट बुकिंग की क्षमता और स्पीड दोनों बेहतर हो सके
रेलवे करीब चार दशक पुराने पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम को भी अपग्रेड कर रहा है। इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा, ताकि यात्रियों को सेवाओं में किसी तरह की परेशानी न हो। वहीं तत्काल टिकट बुकिंग में बॉट्स और फर्जी गतिविधियों को रोकने के लिए भी तकनीकी सुधार किए जा रहे हैं, ताकि आम यात्रियों को टिकट बुक करने में ज्यादा सुविधा मिल पाए..
