जोधपुर में 23 अगस्त को नहीं आएगा पानी, 24-25 अगस्त का शेड्यूल भी बदला
जोधपुर शहर के करीब आधे हिस्से में 23 अगस्त को पानी की सप्लाई बंद रहेगी। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) ने फिल्टर प्लांट, पंप हाउस और पाइपलाइनों की सफाई एवं जरूरी रखरखाव के कारण एक दिन का जलापूर्ति क्लोजर लिया है। इसके चलते कई इलाकों में पानी की सप्लाई का शेड्यूल भी आगे बढ़ाया गया है।
23 अगस्त की सप्लाई 24 अगस्त को होगी
PHED नगर वृत्त जोधपुर के अधीक्षण अभियंता राजेंद्र मेहता के अनुसार, शहर के सभी फिल्टर हाउस से जलापूर्ति अस्थायी रूप से बंद रहेगी।
कायलाना, चौपासनी और सूरपुरा फिल्टर हाउस से जुड़े क्षेत्रों में 23 अगस्त की सप्लाई 24 अगस्त को और 24 अगस्त की सप्लाई 25 अगस्त को की जाएगी।
वहीं झालामंड और तख्त सागर फिल्टर हाउस से जुड़े कुछ क्षेत्रों में 23 अगस्त को सुबह 10 बजे तक जलापूर्ति सामान्य रहेगी। इसके बाद 24 अगस्त की सप्लाई 25 अगस्त और 25 अगस्त की सप्लाई 26 अगस्त को होगी।
इन क्षेत्रों में सरस्वती नगर, कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड के विभिन्न सेक्टर, पाल बाईपास और शिल्पग्राम के आसपास के इलाके शामिल हैं।
बिजली सप्लाई भी रहेगी प्रभावित
जोधपुर शहर में बिजली लाइनों के जरूरी रखरखाव के कारण कई कॉलोनियों में बिजली आपूर्ति भी बंद रहेगी। कुछ इलाकों में करीब तीन घंटे तक बिजली कटौती रहेगी। रखरखाव कार्य पूरा होने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
जलापूर्ति और बिजली सप्लाई प्रभावित रहने के कारण लोगों को पहले से पानी की व्यवस्था रखने की सलाह दी गई है।
