झुंझुनूं। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर झुंझुनूं में कारगिल युद्ध के शहीदों की वीरांगनाओं तथा गैलेंट्री अवार्ड और शौर्य पदक से सम्मानित सैनिकों का सम्मान कर उनके अदम्य साहस, वीरता और राष्ट्रसेवा को नमन किया गया। गौरव सेनानी सेवा समिति की ओर से इंदिरा नगर स्थित सामुदायिक विकास भवन में आयोजित सम्मान समारोह में देशभक्ति का भाव देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।समारोह में उपस्थित पूर्व सैनिकों, सैन्य अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय सेना के अद्वितीय शौर्य, पराक्रम और बलिदान को याद करते हुए कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों का योगदान सदैव राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। वक्ताओं ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक सैन्य जीत का प्रतीक नहीं, बल्कि देशभक्ति, त्याग और वीरता की अमर गाथा है।गौरव सेनानी सेवा समिति के अध्यक्ष हवलदार रतिराम कस्वा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि वीरांगनाओं और वीर सैनिकों का सम्मान करना पूरे समाज का दायित्व है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और देशसेवा की भावना को मजबूत करने का कार्य करते हैं तथा युवाओं को सेना में जाकर देश की सेवा करने के लिए प्रेरित करते हैं।मुख्य वक्ता कर्नल सुरेश जागीड़ ने कहा कि कारगिल युद्ध में भारतीय सैनिकों ने विपरीत परिस्थितियों में अदम्य साहस का परिचय देते हुए दुश्मन को परास्त किया। उन्होंने कहा कि शहीदों का सर्वोच्च बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता और प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह उनके परिवारों के सम्मान और गौरव को बनाए रखे।मेजर जयराम ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय सेना का इतिहास वीरता और अनुशासन का प्रतीक रहा है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश की सेवा के लिए सदैव तैयार रहने का आह्वान किया।वहीं कैप्टन सुलतान खान ने कहा कि सैनिक सीमाओं पर इसलिए निडर होकर डटे रहते हैं क्योंकि उन्हें देशवासियों के विश्वास और समर्थन की ताकत मिलती है। उन्होंने कहा कि शहीदों का सम्मान केवल एक दिन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके आदर्शों को जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।समारोह में पूर्व सैनिक, सैन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
कारगिल विजय दिवस पर वीरांगनाओं और शौर्य पदक विजेता सैनिकों का हुआ सम्मान
संक्षेप में
झुंझुनूं में कारगिल विजय दिवस पर वीरांगनाओं और शौर्य पदक विजेता सैनिकों का सम्मान किया गया। समारोह में शहीदों को श्रद्धांजलि देकर उनके बलिदान को याद किया गया और युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया गया।
आपणो राजस्थान
