नसीराबाद। नसीराबाद के राष्ट्रीय राजमार्ग दिलवाड़ी गांव के निकट स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के एलपीजी प्लांट में कार्यरत ऑल हैंडलिंग वर्कर्स गुरुवार को वेतन भुगतान में देरी एवं श्रमिकों के कथित शोषण के विरोध में हड़ताल पर उतर गए। श्रमिकों ने प्लांट के मुख्य द्वार के बाहर धरना प्रदर्शन कर आक्रोश जताया। श्रमिकों के अनुसार वह मेसर्स जाट एंटरप्राइजेज के अधीन ऑल हैंडलिंग वर्कर्स के रूप में कार्यरत हैं। उनका आरोप है कि ठेका संवेदक द्वारा प्रत्येक माह समय पर वेतन का भुगतान नहीं किया जाता है।
प्रबंधन को पूर्व में अवगत करवाया
इस संबंध में उन्होंने प्लांट प्रबंधन को पूर्व में भी अवगत कराया था। श्रमिकों द्वारा प्लांट प्रबंधक देवेंद्र मधुकर काले को दिए गए पत्र में बताया कि 7 दिन की अवधि के बाद 7 सितंबर तक वेतन भुगतान कर दिया जाए, लेकिन 8 सितंबर तक भी भुगतान नहीं दिया गया। समय पर वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। श्रमिकों का कहना है कि लगातार वेतन भुगतान में देरी से उनमें रोष व्याप्त है।
प्लांट के मुख्य द्वार पर धरना
इसी के विरोध में 10 सितंबर से दोनों शिफ्टों के श्रमिकों ने काम का बहिष्कार कर प्लांट के मुख्य द्वार के बाहर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान श्रमिकों ने ठेका व्यवस्था में हो रहे कथित शोषण के खिलाफ आवाज उठाते हुए लंबित वेतन और पूरा वेतन तत्काल भुगतान कराने की मांग की। श्रमिकों ने बताया कि समय पर वेतन नहीं मिलने के कारण बच्चों की स्कूल फीस देने, पानी बिजली का भुगतान करने आदि की परेशानियां झेलनी पड़ रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे आगे भी आंदोलनात्मक कदम उठाने को मजबूर होंगे।
