मॉडल ट्विशा शर्मा केस में नया मोड़
भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में अब सुप्रीम कोर्ट ने स्वतः संज्ञान ले लिया है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन जजों की बेंच सोमवार को इस मामले की सुनवाई कर सकती है। इस बीच परिवार ने ट्विशा के पति समर्थ सिंह और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, मामले में सीबीआई जांच और दोबारा पोस्टमार्टम से नए खुलासों की उम्मीद जताई जा रही है।भोपाल की मॉडल और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में बना हुआ है। 12 मई 2026 को हुई इस घटना को लेकर शुरुआत में इसे आत्महत्या बताया गया था, लेकिन परिवार ने इसे हत्या और दहेज प्रताड़ना का मामला करार दिया।मामले में नया मोड़ तब आया जब मध्यप्रदेश सरकार ने जांच सीबीआई को सौंपने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने भी स्वतः संज्ञान लेते हुए सोमवार को सुनवाई तय की है।परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद ट्विशा को लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दी जा रही थी। परिवार ने पति समर्थ सिंह और सास, पूर्व जज गिरिबाला सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं कोर्ट ने समर्थ सिंह को सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।जांच के दौरान कई अहम सवाल भी सामने आए हैं। सीसीटीवी फुटेज में ट्विशा को अकेले छत पर जाते देखा गया, लेकिन करीब 57 मिनट बाद कुछ लोग उन्हें नीचे लाते नजर आए। पोस्टमार्टम प्रक्रिया और सबूतों के संरक्षण को लेकर भी परिवार ने सवाल उठाए हैं।बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने आरोपी पति समर्थ सिंह का वकालत लाइसेंस भी सस्पेंड कर दिया है। अब सीबीआई व्हाट्सएप चैट, कॉल रिकॉर्ड और घटनास्थल की फॉरेंसिक जांच के जरिए मौत से पहले की पूरी टाइमलाइन खंगाल रही है।इधर परिवार ने जानकारी दी है कि आज ट्विशा शर्मा का अंतिम संस्कार किया जाएगा। पूरे मामले पर देशभर की नजरें टिकी हुई हैं और अब सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई से इस केस में बड़े खुलासों की उम्मीद बढ़ गई है।







